पुलिस की कार्रवाई, नशे के नेटवर्क पर फिर उठे सवाल
हल्द्वानी। शहर में नशे का कारोबार थमने का नाम नहीं ले रहा है। आए दिन स्मैक तस्करों की गिरफ्तारी के बावजूद यह अवैध धंधा लगातार फल-फूल रहा है, जिससे पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि जब लगातार कार्रवाई के दावे किए जा रहे हैं, तब भी खुलेआम नशे की बिक्री होना कई गंभीर सवाल खड़े करता है।
इसी क्रम में बनभूलपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए इंद्रानगर क्षेत्र से हजारों रुपए की स्मैक के साथ गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार एस आई मनोज यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त और संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग कर रहे थे। इस दौरान गौला पार्किंग रोड स्थित स्लॉटर हाउस के पास रेलवे पटरी के निकट कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दिए। पुलिस को देखते ही अधिकांश लोग मौके से फरार हो गए, जबकि एक युवक को पकड़ लिया गया।
पूछताछ के दौरान युवक ने अपना नाम फिरोज पुत्र अफरोज निवासी काबुल का गेट, इंद्रानगर बताया। तलाशी लेने पर उसके पास से 14.56 ग्राम स्मैक बरामद हुई। पुलिस का दावा है कि पूछताछ में आरोपी ने स्वीकार किया कि वह स्मैक पीने के साथ-साथ बेचने का काम भी करता है। उसने यह भी बताया कि वह स्मैक दानिश नामक युवक से खरीदता है, जो इंद्रानगर क्षेत्र में ट्यूबवेल के पास उससे मिलता है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है
बॉक्स हालांकि, लगातार हो रही गिरफ्तारियों के बावजूद शहर में नशे का कारोबार बंद नहीं हो रहा है। ऐसे में सवाल यह है कि आखिर नशे की सप्लाई चेन पर कब प्रभावी कार्रवाई होगी और इसके पीछे सक्रिय बड़े तस्कर कब सलाखों के पीछे पहुंचेंगे। शहरवासियों का मानना है कि केवल छोटे आरोपियों की गिरफ्तारी से नशे के इस जाल पर पूरी तरह अंकुश लगाना संभव नहीं होगा।




