हल्द्वानी। कोतवाली क्षेत्र में एक युवती से शादी और धर्म परिवर्तन का झूठा आश्वासन देकर कथित तौर पर शारीरिक शोषण करने का मामला सामने आया है। पीड़िता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी युवक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उसे गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान मेरठ (उत्तर प्रदेश) निवासी शहबाज के रूप में हुई है।
पुलिस के अनुसार, पीड़िता उधम सिंह नगर जिले के शक्तिफार्म क्षेत्र की रहने वाली है और हल्द्वानी में किराये पर रहकर एक मोबाइल शॉप में कार्यरत है। इसी दुकान में आरोपी शहबाज भी काम करता था। साथ काम करने के दौरान दोनों के बीच जान-पहचान हुई, जो बाद में प्रेम संबंध में बदल गई।
पीड़िता का आरोप है कि आरोपी ने उससे शादी करने का भरोसा दिलाया और विश्वास में लेने के लिए खुद का धर्म बदलकर हिंदू धर्म अपनाने तक की बात कही। इस भरोसे के आधार पर उसने युवती के साथ अलग-अलग स्थानों पर शारीरिक संबंध बनाए। शिकायत में कहा गया है कि 8 जुलाई और 18 जुलाई को भी आरोपी ने उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाए।
युवती का आरोप है कि जब उसने शादी की बात कही तो आरोपी अपने वादे से मुकर गया। इतना ही नहीं, उसने युवती के मोबाइल फोन से दोनों के बीच हुई चैट, फोटो और वीडियो भी कथित रूप से डिलीट कर दिए। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
पीड़िता की तहरीर के आधार पर हल्द्वानी कोतवाली पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई शुरू की। एसपी सिटी मनोज कत्याल ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की विवेचना जारी है।





