क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गैंगरेप की घटनाओं पर रोकथाम और गश्त बढ़ाने की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा
रुद्रपुर। महिला सुरक्षा की मांग को लेकर एसएसपी कार्यालय पहुंचे कांग्रेसियों ने प्रदर्शन कर नारेबाजी की। पुलिस की ओर से गेट पर रोकने पर कांग्रेसी भड़क गए और गेट पर ही धरने पर बैठ गए। इस दौरान पुलिस और कांग्रेस कार्यकर्ताओं के बीच तीखी नोंकझोंक भी हुई। बाद में एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी मौके पर पहुंचे, जहां कांग्रेसियों ने उन्हें ज्ञापन सौंपा।
गुरुवार को बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्रित होकर पुलिस कार्यालय पहुंचे। यहां पुलिस ने उन्हें गेट पर रोक दिया। पुलिस के रोकने पर कांग्रेसी भड़क गए और नोकझोंक के बाद गेट पर ही बैठकर विरोध जताने लगे। बाद में सभी कांग्रेसी पुलिस कार्यालय परिसर में पहुंचे और नारेबाजी शुरू कर दी।
कांग्रेस नेताओं का कहना था कि शहर में महिलाओं और बेटियों के साथ दुष्कर्म की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। वे शांतिपूर्ण तरीके से ज्ञापन देने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस उन्हें रोक रही है। उनका आरोप था कि सत्ता पक्ष के नेता रोज बेरोकटोक ज्ञापन देने आते हैं, उन्हें कोई नहीं रोकता।
कांग्रेसियों ने क्षेत्र में लगातार बढ़ रही गैंगरेप और छेड़छाड़ की घटनाओं पर रोकथाम तथा पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की, ताकि महिलाएं और बेटियां सुरक्षित रह सकें। बाद में कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने एसपी सिटी डॉ. उत्तम सिंह नेगी से मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा। एसपी सिटी ने आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
प्रदर्शन करने वालों में संजय जुनेजा, मोहन खेड़ा, पार्षद परवेज खान, गौरव खुराना, जावेद अख्तर, मोनिका ढाली, उमर अली, बाबू खां, दिनेश पंत, आशीत बाला, गौरव गिरी, सर्वेश सिंह सहित अन्य कांग्रेसी कार्यकर्ता मौजूद रहे।





