पुल नहीं होने से हर साल जान जोखिम में डालकर नदी पार करने को मजबूर हैं ग्रामीण
हल्द्वानी। मंगलवार सुबह लगातार हो रही बारिश के बीच फतेहपुर क्षेत्र में बड़ा हादसा होते-होते टल गया। भाखड़ा नदी पार करते समय दो लोग अचानक तेज बहाव की चपेट में आ गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने तत्काल राहत प्रयास शुरू किए और दोनों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया, जिससे उनकी जान बच गई।
मंगलवार को हल्द्वानी और आसपास के क्षेत्रों में सुबह से ही मूसलाधार बारिश जारी रही। मौसम विभाग ने जिले के लिए आज और कल ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। लगातार बारिश के कारण भाखड़ा नदी का जलस्तर काफी बढ़ गया है, जिसके चलते नदी पार करना बेहद खतरनाक हो गया है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि फतेहपुर क्षेत्र में भाखड़ा नदी पर पुल नहीं होने के कारण ग्रामीणों को हर वर्ष बरसात के दौरान जान जोखिम में डालकर नदी पार करनी पड़ती है। मंगलवार की घटना ने एक बार फिर इस गंभीर समस्या को उजागर कर दिया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से भाखड़ा नदी पर शीघ्र स्थायी पुल का निर्माण कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि समय रहते इस समस्या का समाधान नहीं किया गया तो भविष्य में कोई बड़ा और दुखद हादसा हो सकता है।





