हल्द्वानी। लगातार हो रही बारिश और मौसम विभाग के भारी वर्षा अलर्ट के बीच प्रशासन ने यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए बड़ा निर्णय लिया है। पहाड़ों से पत्थर और मलबा गिरने के बढ़ते खतरे के कारण राष्ट्रीय राजमार्ग-87 विस्तार (नया एनएच-109) पर ज्योलीकोट–क्वारब मार्ग को 09, 10 और 11 जुलाई की रात 10 बजे से सुबह 5 बजे तक पूरी तरह बंद रखा जाएगा।
लोक निर्माण विभाग के राष्ट्रीय राजमार्ग खंड के अधिशासी अभियंता के अनुसार पाड़ली (किमी-26), फ्रॉग पॉइंट (किमी-33) और छड़ा (किमी-38) क्षेत्र में भारी बारिश के दौरान भूस्खलन और पहाड़ी से चट्टानें गिरने की आशंका बेहद अधिक है। ऐसे में यात्रियों और सड़क रखरखाव में लगे कर्मचारियों की सुरक्षा को देखते हुए यह फैसला लिया गया है।
प्रशासन ने वैकल्पिक मार्ग भी तय कर दिए हैं। अल्मोड़ा और रानीखेत से हल्द्वानी आने वाले वाहनों को क्वारब–नथुवाखान–रामगढ़–भवाली होकर भेजा जाएगा। वहीं हल्द्वानी से अल्मोड़ा और रानीखेत जाने वाले वाहनों को भवाली–रामगढ़–नथुवाखान–क्वारब अथवा खुटानी मार्ग से डायवर्ट किया जाएगा। नैनीताल और ज्योलीकोट से अल्मोड़ा व रानीखेत जाने वाले वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग का उपयोग करेंगे।
हालांकि एम्बुलेंस और फायर ब्रिगेड के वाहनों को इस प्रतिबंध से छूट दी गई है।
जनपद पुलिस नैनीताल ने यात्रियों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले डायवर्जन व्यवस्था की जानकारी अवश्य लें, अनावश्यक रात्रि यात्रा से बचें और पुलिस एवं प्रशासन के निर्देशों का पालन करते हुए सुरक्षित सफर करें।





