Top 5 This Week

Related Posts

देहरादून में गूंजे हर-हर महादेव के जयकारे, भव्य टपकेश्वर शोभायात्रा में शामिल हुए सीएम धामी

देहरादून। राजधानी देहरादून में बुधवार को भगवान टपकेश्वर महादेव की 26वीं भव्य शोभायात्रा निकाली गई। त्रयोदशी के अवसर पर आयोजित इस शोभायात्रा में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी शामिल हुए। उन्होंने पूजा-अर्चना कर भगवान टपकेश्वर महादेव का आशीर्वाद लिया। शोभायात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह नजर आया।

शोभायात्रा का शुभारंभ सहारनपुर रोड स्थित शिवाजी धर्मशाला से हुआ। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, महंत कृष्ण गिरी महाराज, दिगंबर भरत गिरी महाराज और देश-विदेश से पहुंचे अतिथियों ने दीप प्रज्वलित कर यात्रा का शुभारंभ किया। इसके बाद शोभायात्रा शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए टपकेश्वर महादेव मंदिर पहुंचेगी।

यात्रा में भगवान टपकेश्वर महादेव, दूधेश्वर महादेव, तपेश्वर महादेव और देवेश्वर महादेव सहित ब्रह्मलीन महंत माया गिरि महाराज का डोला विशेष आकर्षण का केंद्र रहा। आयोजकों के अनुसार इस बार शोभायात्रा को पहले की तुलना में और अधिक भव्य एवं आकर्षक स्वरूप देने का प्रयास किया गया।

व्यवस्था में जुटे सेवादार

शोभायात्रा के दौरान श्रद्धालुओं और आम लोगों को परेशानी न हो, इसके लिए प्रत्येक प्रमुख चौराहे पर सेवादार पुलिस प्रशासन के साथ व्यवस्था संभाल रहे हैं। यातायात को सुचारु बनाए रखने के लिए भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।

स्वच्छता व्यवस्था के लिए 50-50 लोगों की दो टीमें अलग-अलग समय पर तैनात की गई हैं। ये टीमें शोभायात्रा गुजरने के तुरंत बाद सड़क की सफाई कर रही हैं। वहीं, किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए दो एंबुलेंस यात्रा के साथ चल रही हैं। इनमें डॉक्टर और नर्सों की टीम मौजूद है। इसके अलावा फायर ब्रिगेड वाहन भी तैनात किया गया है।

शोभायात्रा के समापन के बाद टपकेश्वर महादेव मंदिर के सत्संग भवन में विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।

 

Popular Articles