Top 5 This Week

Related Posts

743 करोड़ से बनेगा भानियावाला-ऋषिकेश हाईवे, 754 पेड़ों का होगा प्रत्यारोपण

743 करोड़ से बनेगा भानियावाला-ऋषिकेश हाईवे, 754 पेड़ों का होगा प्रत्यारोपण

देहरादून। राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की भानियावाला-ऋषिकेश सड़क परियोजना के तहत करीब 20 किलोमीटर लंबे फोरलेन हाईवे का निर्माण 743 करोड़ रुपये की लागत से किया जाएगा। परियोजना में पर्यावरण संरक्षण और वन्यजीवों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विशेष प्रावधान किए गए हैं।

एनएचएआई के अनुसार, सड़क चौड़ीकरण के दौरान पेड़ों की कटाई को न्यूनतम रखने के लिए 754 पेड़ों का प्रत्यारोपण (ट्रांसप्लांटेशन) किया जाएगा। वहीं, हाथियों के सुरक्षित आवागमन के लिए लगभग 3.5 किलोमीटर लंबी एलिवेटेड संरचना के साथ विशेष एलीफेंट अंडरपास विकसित किए जाएंगे। इसके अलावा मार्ग पर साउंड बैरियर, एंटी-ग्लेयर स्क्रीन, वन्यजीव चेतावनी संकेतक, गति नियंत्रण उपाय और नो हॉर्न जोन जैसी आधुनिक सड़क सुरक्षा सुविधाएं भी उपलब्ध कराई जाएंगी।

परियोजना का उद्देश्य देहरादून और ऋषिकेश के बीच बढ़ते यातायात दबाव को कम करना तथा यात्रा को अधिक सुरक्षित और सुगम बनाना है। फोरलेन निर्माण से सड़क की ज्यामिति में सुधार होगा, जिससे स्थानीय निवासियों के साथ-साथ पर्यटकों को भी बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी।

एनएचएआई का कहना है कि विकास कार्यों के साथ पर्यावरण संरक्षण को संतुलित रखने के लिए परियोजना में विशेष उपाय शामिल किए गए हैं, ताकि वन क्षेत्र और वन्यजीवों पर पड़ने वाले प्रभाव को यथासंभव कम किया जा सके।

Popular Articles