Top 5 This Week

Related Posts

राम मंदिर दान प्रकरण पर बोले मोहन भागवत, ‘होसबाले के बयान से पूरी तरह सहमत’

नागपुर। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के दान प्रकरण पर पहली बार प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि इस मुद्दे पर संघ के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले द्वारा जारी बयान ही उनका भी मत है। उन्होंने कहा कि होसबाले के बयान में संगठन का स्पष्ट पक्ष रखा गया है और वह उससे पूरी तरह सहमत हैं।

मोहन भागवत ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान कहा कि इस विषय पर अलग से कुछ कहने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने सभी को दत्तात्रेय होसबाले का बयान देखने की सलाह दी। इससे पहले आरएसएस ने मंदिर के दान से जुड़े कथित गबन के मामले को अत्यंत निंदनीय बताते हुए दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की थी।

आरएसएस के सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबाले ने अपने बयान में कहा था कि इस घटना से करोड़ों रामभक्तों की भावनाएं आहत हुई हैं। उन्होंने उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) से निष्पक्ष जांच कर दोषियों को कठोर दंड दिलाने की मांग की। साथ ही मंदिर प्रबंधन से व्यवस्था में सुधार और पारदर्शिता सुनिश्चित करने का आग्रह भी किया।

गौरतलब है कि अयोध्या के राम मंदिर में दान राशि के कथित गबन के मामले की जांच जारी है। इस प्रकरण को लेकर राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है, जबकि आरएसएस ने समाज से संयम बनाए रखने और जांच पूरी होने तक तथ्यों का इंतजार करने की अपील की है।

Popular Articles