Top 5 This Week

Related Posts

हल्द्वानी-रामनगर हाईवे पर डंपर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, महिला गंभीर रूप से घायल

रामनगर (नैनीताल): नैनीताल जिले के रामनगर-हल्द्वानी राष्ट्रीय राजमार्ग पर शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। कालाढूंगी क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले गेबुआ के पास एक तेज रफ्तार डंपर ने मोटरसाइकिल को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में बाइक चला रहे एक युवक की मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह हादसा शुक्रवार सुबह करीब 7:00 बजे हुआ। पदमपुर डोलिया निवासी 32 वर्षीय कमलेश आर्य अपनी मोटरसाइकिल (संख्या यूके-04 सीजी-5767) से बेलपड़ाव की ओर से आ रहे थे। रास्ते में ग्राम कमोला निवासी बसंती थापा नाम की महिला ने उनसे लिफ्ट मांगी। कमलेश उन्हें अपनी बाइक पर बैठाकर छोई स्थित उनके रिश्तेदारों के घर छोड़ने जा रहे थे। इसी दौरान, कालाढूंगी की दिशा से आ रहे तेज रफ्तार डंपर (संख्या यूके-04 सीसी-5918) ने गेबुआ के पास उनकी मोटरसाइकिल को सामने से सीधी टक्कर मार दी।

टक्कर इतनी भयावह थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर दूर जा गिरे और लहुलूहान हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों और राहगीरों की भारी भीड़ जमा हो गई। लोगों ने तुरंत इस घटना की सूचना पुलिस और 108 एंबुलेंस सेवा को दी। पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से दोनों घायलों को तत्काल इलाज के लिए संयुक्त चिकित्सालय रामनगर पहुंचाया गया।

अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद कमलेश आर्य को मृत घोषित कर दिया। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. हर्ष ने बताया कि अत्यधिक चोट लगने के कारण युवक की अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो चुकी थी। वहीं, गंभीर रूप से घायल महिला बसंती थापा को प्राथमिक उपचार देने के बाद उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए तुरंत हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है, जहां उनकी स्थिति चिंताजनक बनी हुई है।

हादसे की सूचना मिलते ही कोतवाली पुलिस की टीम ने अस्पताल और दुर्घटनास्थल का मुआयना कर आवश्यक साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक कमलेश के शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। बताया जा रहा है कि मृतक कमलेश आर्य अपने भाई के टेंट व्यवसाय में हाथ बंटाते थे, और उनकी मौत की खबर से परिवार में कोहराम मच गया है।

दुर्घटना के तुरंत बाद डंपर चालक अपने वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर डंपर को चिन्हित कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान शुरू कर दिया है। इधर स्थानीय लोगों ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर बेलगाम दौड़ रहे भारी वाहनों की गति पर नियंत्रण लगाने और ओवरस्पीडिंग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग उठाई है।

Popular Articles