रुद्रपुर। रुद्रपुर में पूर्वांचल समाज के लिए जल्द ही अपना स्थायी भवन होगा। पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधिमंडल की मांग पर महापौर विकास शर्मा ने बुधवार को घोषणा करते हुए नगर निगम की ओर से पूर्वांचल समाज के लिए कम्युनिटी हॉल (पूर्वांचल भवन) बनवाने की घोषणा की। प्रतिनिधिमंडल भवन निर्माण के लिए केवल भूमि आवंटित करने की मांग लेकर पहुंचा था, लेकिन महापौर ने भूमि के साथ-साथ नगर निगम द्वारा भवन निर्माण कराने की घोषणा कर सभी को उत्साहित कर दिया।
नगर निगम कार्यालय पहुंचे पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधिमंडल ने महापौर को बताया कि आजादी के बाद उत्तर प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री पंडित गोविंद बल्लभ पंत के आह्वान पर स्वतंत्रता सेनानी परिवारों समेत हजारों पूर्वांचलवासी तराई क्षेत्र को बसाने के लिए यहां आए थे। उस समय यह क्षेत्र घने जंगलों और दलदली भूमि से घिरा हुआ था। कठिन परिस्थितियों में संघर्ष करते हुए पूर्वांचल समाज के लोगों ने न केवल इस क्षेत्र के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई, बल्कि उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक, औद्योगिक और आर्थिक उन्नति में भी उल्लेखनीय योगदान दिया।महापौर ने मांग को पूरी तरह न्यायोचित बताते हुए कहा कि पूर्वांचल समाज केवल भूमि का नहीं, बल्कि एक सम्मानजनक पहचान का हकदार है। उन्होंने घोषणा की कि नगर निगम पूर्वांचल समाज के लिए कम्युनिटी हॉल का निर्माण कराएगा। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के सहयोग और आशीर्वाद से नगर निगम शहर में सात नए कम्युनिटी सेंटर स्थापित करने जा रहा है, जिनकी सहमति मिल चुकी है। इन्हीं में से एक कम्युनिटी सेंटर पूर्वांचल समाज को समर्पित किया जाएगा।
यह भवन पूर्वांचल समाज के किसी महापुरुष अथवा समाज की इच्छा के अनुरूप नाम से बनाया जाएगा। इस भवन में समाज के सांस्कृतिक, सामाजिक एवं शैक्षिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ने का अवसर मिलेगा। महापौर ने बताया कि नगर निगम पहले ही बंगाली समाज के लिए ‘बंग भवन’ की पहल कर चुका है और अब पूर्वांचल समाज के लिए भी अलग कम्युनिटी हॉल बनाया जाएगा।महापौर ने कहा कि शहर की सबसे बड़ी समस्या ड्रेनेज व्यवस्था के समाधान के लिए 184 करोड़ रुपये की परियोजना को स्वीकृति मिल चुकी है। इसके अलावा कल्याणी नदी के पुनरोद्धार की योजना को भी जल्द मंजूरी मिलने की उम्मीद है। उन्होंने बताया कि पूर्वांचल समाज की आस्था को देखते हुए छह नए छठ घाटों का प्रस्ताव भी शासन को भेजा गया है, ताकि पर्व के दौरान श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें।
पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधियों ने महापौर को सम्मानित किया
महापौर की घोषणा से उत्साहित पूर्वांचल समाज के प्रतिनिधियों ने उनका आभार व्यक्त करते हुए उन्हें स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया। इस दौरान पूर्वांचल समाज के अध्यक्ष जेबी सिंह,धीरेन्द्र मिश्रा,हिमांशु शुक्ला,सर्वजीत कुमार सिंह, नंद लाल शर्मा,विपिन कुमार, देवेंद्र शाही निशांत शाही आदि मौजूद रहे।





