रुद्रपुर। संत शिरोमणि कबीर दास की जयंती के अवसर पर अखिल भारतीय कोली समाज के तत्वावधान में रम्पुरा स्थित मां दुर्गा मंदिर परिसर में छह निर्धन कन्याओं का सामूहिक विवाह सामाजिक सहयोग से धूमधाम से संपन्न कराया गया। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच विवाह की सभी रस्में पूरी कराई गईं। हजारों लोगों की मौजूदगी में नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देने के साथ ही गृहस्थी का आवश्यक सामान भी भेंट किया गया।
कार्यक्रम की शुरुआत संत कबीर दास की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं विधिवत पूजा अर्चना के साथ हुई। इसके बाद मां काली मंदिर से छह दूल्हों की भव्य बारात छह सजी हुई बग्गियों में निकाली गई। ढोल नगाड़ों और बैंड बाजों की धुन पर निकली बारात रम्पुरा के प्रमुख मार्गों से होती हुई मां दुर्गा मंदिर स्थित विवाह स्थल पहुंची। बारात का नेतृत्व मुख्य अतिथि पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल तथा अखिल भारतीय युवा कोली समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष खेम चन्द्र कोली ने किया।विवाह स्थल पर वैदिक रीति रिवाज और मंत्रोच्चार के बीच सभी छह जोड़ों का विवाह संपन्न कराया गया। वर वधुओं ने एक दूसरे को वरमाला पहनाई और अग्नि को साक्षी मानकर सात फेरे लिए। इस दौरान हजारों लोगों ने नवदंपतियों को आशीर्वाद दिया तथा उनके सुखद वैवाहिक जीवन की कामना की। पूर्व विधायक राजकुमार ठुकराल ने भी सभी जोड़ों को शुभाशीष देते हुए शगुन स्वरूप सहयोग प्रदान किया। उन्होंने कहा कि समाज की निर्धन बेटियों का सम्मानपूर्वक विवाह कराना सबसे बड़ा सामाजिक दायित्व और पुण्य का कार्य है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए सामूहिक विवाह जैसी पहल बड़ी राहत साबित होती है। इससे सामाजिक समरसता भी मजबूत होती है और समाज सेवा की भावना को बढ़ावा मिलता है। उन्होंने कहा कि संत कबीर दास ने समाज को समानता, भाईचारे और मानव सेवा का संदेश दिया था। उन्हीं के आदर्शों से प्रेरणा लेकर यह आयोजन लगातार किया जा रहा है। उन्होंने समाज के सभी दानदाताओं और सहयोगियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि जनसहयोग से ऐसे आयोजन आगे भी निरंतर जारी रहेंगे।कार्यक्रम संयोजक हिम्मत राम कोली ने बताया कि पिछले चार वर्षों से समाज के सहयोग से सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया जा रहा है। इस वर्ष भी छह निर्धन कन्याओं का विवाह पूरे सम्मान और सामाजिक सहभागिता के साथ संपन्न कराया गया।
कार्यक्रम में पार्षद अंजलि कोली,पार्षद सोनी कोली, एडवोकेट संजीव गुप्ता, करन सिंह कोली, रवि कोली, केरू मंडल, अजय नारायण सिंह, मनोज गुप्ता,संजय ठुकराल, दीप्ति अग्रवाल,राजू गुप्ता, प्रियंका अग्रवाल, राजेश गर्ग, कुंवरपाल कोली,दीपक सागर, राजू कोली, ओमप्रकाश कोली, सियाराम कोली, राकेश कोली, जमना देवी, लक्ष्मी देवी, नन्ही कोली,महेश कोली, राजेश गंगवार, नंद किशोर,सरोज रानी, कुसुम देवी, उर्मिला रानी, माया देवी, कमला रानी,भगवान देई, छोटी देवी, पार्वती देवी आदि मौजूद रहे।





