हल्द्वानी। मोहर्रम पर्व और 26 से 29 जून तक होने वाले वीवीआईपी भ्रमण को देखते हुए नैनीताल पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में है। गुरुवार को एसएसपी नैनीताल डॉ. मंजूनाथ टीसी की अध्यक्षता में हल्द्वानी में समीक्षा बैठक आयोजित हुई, जिसमें सुरक्षा, यातायात और कानून-व्यवस्था को लेकर व्यापक रणनीति बनाई गई।
बैठक में मोहर्रम जुलूसों, ताजिया मार्गों और संवेदनशील क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए। वीवीआईपी मूवमेंट, न्यायमूर्तियों की सुरक्षा, होटल-गेस्ट हाउस सत्यापन और रूट प्लान पर विशेष फोकस रखा गया।
एसएसपी ने कंट्रोल रूम को 24 घंटे सक्रिय रखने, ड्रोन कैमरों से निगरानी, डॉग स्क्वॉड, बम निरोधक दस्ता और फायर सर्विस के साथ समन्वय बढ़ाने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर भड़काऊ पोस्ट करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के आदेश भी दिए गए।
मल्लीताल, भीमताल, बनभूलपुरा, लालकुआं, कालाढूंगी, रामनगर और हल्द्वानी समेत संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष सुरक्षा व्यवस्था लागू रहेगी। एसएसपी ने सभी अधिकारियों को समन्वय के साथ ड्यूटी निभाते हुए सभी कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने के निर्देश दिए।





