Top 5 This Week

Related Posts

दिल्ली से ऋषिकेश तक मात्र 3 घंटे में यात्रा, ‘नमो भारत’ ट्रेन के विस्तार को मिली सहमति

देहरादून। दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड के बीच रेल संपर्क को नई गति देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। ‘नमो भारत’ सेमी हाई-स्पीड रेल सेवा को अब मेरठ से आगे बढ़ाकर सीधे ऋषिकेश तक ले जाने पर सैद्धांतिक सहमति बन गई है। इस प्रस्ताव के लागू होने के बाद दिल्ली से ऋषिकेश की यात्रा महज लगभग तीन घंटे में पूरी हो सकेगी।

प्रस्तावित योजना के तहत वर्तमान में दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक चल रहे 82 किलोमीटर लंबे नमो भारत कॉरिडोर को करीब 150 किलोमीटर और आगे बढ़ाया जाएगा। यह नया रूट पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख शहरों से होते हुए उत्तराखंड तक पहुंचेगा।

सूत्रों के अनुसार, यह हाई-स्पीड रेल मार्ग मेरठ के बाद मुजफ्फरनगर, रुड़की और हरिद्वार से होकर ऋषिकेश तक पहुंचेगा। अंतिम स्टेशन ऋषिकेश क्षेत्र में लक्ष्मण झूला के पास प्रस्तावित किया जा रहा है। इस पूरे विस्तार के लिए विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (DPR) तैयार करने की प्रक्रिया जल्द शुरू होगी।

योजना के अनुसार, नमो भारत ट्रेन लगभग 160 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेगी, जिससे दिल्ली से ऋषिकेश के बीच लगभग 230 किलोमीटर की दूरी बेहद कम समय में तय हो सकेगी। वर्तमान में यह सफर सड़क मार्ग से छह घंटे या उससे अधिक समय लेता है, लेकिन नई सुविधा से यात्रियों को समय की बड़ी बचत होगी।

अधिकारियों का मानना है कि इस परियोजना से न केवल आम यात्रियों को लाभ मिलेगा, बल्कि चारधाम यात्रा और धार्मिक पर्यटन को भी नया विस्तार मिलेगा। हरिद्वार और ऋषिकेश जैसे प्रमुख तीर्थ स्थलों तक पहुंच आसान होने से पर्यटकों की संख्या बढ़ने की संभावना जताई जा रही है।

उत्तराखंड सरकार ने इस परियोजना को लेकर केंद्र और एनसीआरटीसी के साथ समन्वय तेज कर दिया है। प्रस्ताव को पहले ही सैद्धांतिक मंजूरी मिल चुकी है और अब तकनीकी सर्वे एवं डीपीआर का कार्य आगे बढ़ाया जाएगा।

सरकार का कहना है कि यह परियोजना दिल्ली-एनसीआर और उत्तराखंड के बीच आर्थिक, सामाजिक और पर्यटन संबंधों को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।

Bottom of Form

 

Popular Articles