Top 5 This Week

Related Posts

नागपुर में ‘कॉकरोच जनता पार्टी’ का प्रदर्शन, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग तेज

नागपुर। शिक्षा व्यवस्था में कथित गड़बड़ियों और परीक्षा संबंधी विवादों को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) ने नागपुर में जोरदार प्रदर्शन किया। पार्टी के संस्थापक अभिजीत दीपके के नेतृत्व में हुए इस विरोध-प्रदर्शन में बड़ी संख्या में युवाओं और छात्रों ने हिस्सा लिया। प्रदर्शनकारियों ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग उठाते हुए सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।

प्रदर्शन के दौरान सीजेपी ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में लगातार सामने आ रही अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं ने छात्रों का भविष्य संकट में डाल दिया है। पार्टी का कहना है कि इन मामलों की नैतिक जिम्मेदारी लेते हुए शिक्षा मंत्री को पद छोड़ देना चाहिए।

अभिजीत दीपके ने कहा कि छात्रों और युवाओं की समस्याओं को लगातार नजरअंदाज किया जा रहा है। उन्होंने प्रभावित छात्रों के लिए आर्थिक सहायता और परीक्षा प्रणाली में व्यापक सुधार की मांग भी उठाई। हाल ही में एक छात्रा की आत्महत्या के मामले को लेकर भी उन्होंने सरकार पर सवाल खड़े किए और पीड़ित परिवारों को मुआवजा देने की मांग की।

नागपुर के संविधान चौक पर आयोजित प्रदर्शन के दौरान युवाओं ने शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने की मांग की। पार्टी नेताओं का कहना है कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा।

सीजेपी पिछले कुछ दिनों से देश के विभिन्न हिस्सों में प्रदर्शन कर रही है। दिल्ली, पुणे, अमृतसर और अन्य शहरों में भी संगठन ने शिक्षा से जुड़े मुद्दों को लेकर विरोध दर्ज कराया है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि सरकार ने छात्रों की चिंताओं को गंभीरता से नहीं लिया तो देशव्यापी आंदोलन तेज किया जाएगा।

गौरतलब है कि सोशल मीडिया से शुरू हुआ कॉकरोच जनता पार्टी आंदोलन हाल के दिनों में युवाओं के बीच तेजी से चर्चा में आया है। संगठन खुद को छात्रों, बेरोजगार युवाओं और आम नागरिकों की आवाज बताता है तथा शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठा रहा है।

Popular Articles