नई दिल्ली: Israel और Iran के बीच जारी युद्ध के बीच भारत ने कूटनीतिक स्तर पर सक्रियता बढ़ा दी है। प्रधानमंत्री Narendra Modi ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू से फोन पर बातचीत कर क्षेत्र में बने हालात पर चिंता जताई और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता देने पर जोर दिया।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया मंच X पर जानकारी देते हुए बताया कि उन्होंने नेतन्याहू से टेलीफोन पर बात कर हाल के घटनाक्रम पर भारत की चिंताओं से अवगत कराया। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में आम लोगों की सुरक्षा बेहद महत्वपूर्ण है और संघर्ष को जल्द समाप्त करने की आवश्यकता है। भारत ने एक बार फिर क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल करने पर बल दिया है।
इसी क्रम में प्रधानमंत्री मोदी ने United Arab Emirates के राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से भी बातचीत की। इस दौरान उन्होंने यूएई पर हाल ही में हुए हमलों की कड़ी निंदा की और जानमाल के नुकसान पर गहरा दुख व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत इस कठिन समय में यूएई के साथ एकजुटता के साथ खड़ा है। उन्होंने यूएई में रह रहे भारतीय समुदाय की सुरक्षा और देखभाल के लिए राष्ट्रपति मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान का आभार भी व्यक्त किया।
बातचीत के दौरान प्रधानमंत्री मोदी ने क्षेत्र में तनाव कम करने, शांति बहाल करने और स्थिरता बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि भारत मध्य-पूर्व क्षेत्र में शांति, सुरक्षा और संवाद के पक्ष में है और सभी पक्षों से संयम बरतने की अपील करता है।





