Saturday, March 7, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

छात्रसंघ चुनाव : एसजीआरआर में एबीवीपी के पदाधिकारी निर्विरोध निर्वाचित, नामांकन पर हंगामा, पुलिस बल तैनात

देहरादून : छात्रसंघ चुनाव को लेकर बुधवार को राजधानी समेत विभिन्न कॉलेजों में नामांकन प्रक्रिया हुई। इस दौरान एसजीआरआर (पीजी) कॉलेज में माहौल तनावपूर्ण रहा। यहां अध्यक्ष पद पर एबीवीपी के बलबीर कुंवर सहित सभी छह पदों पर एबीवीपी प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। हालांकि, नामांकन के दौरान एनएसयूआई और एबीवीपी कार्यकर्ताओं के बीच जमकर हंगामा हुआ।

सुबह से ही एसजीआरआर कॉलेज में नामांकन की प्रक्रिया शुरू हो गई थी। कुल 18 नामांकन पत्र बिके थे, लेकिन समय सीमा तक केवल एबीवीपी के ही प्रत्याशियों ने पर्चा दाखिल किया। विवाद उस समय शुरू हुआ जब एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने आरोप लगाया कि उन्हें नामांकन करने से रोका गया। उनका कहना है कि एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने गेट पर रोक लगाई, मारपीट की और नामांकन पत्र समेत दस्तावेज छीनकर फाड़ दिए। अधिवक्ता वंश माहेश्वरी की ओर से पुलिस को दी गई शिकायत में कहा गया कि इस हमले में चार छात्र घायल भी हुए। आरोपियों में तीन को नामजद करते हुए करीब 40 लोगों को आरोपी बनाया गया है।

आरोप-प्रत्यारोप के बीच जब किसी अन्य संगठन का नामांकन स्वीकार नहीं हुआ, तो एबीवीपी के प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिए गए। नतीजतन, अध्यक्ष पद पर बलबीर कुंवर, उपाध्यक्ष पर अभिषेक पंवार, महासचिव पद पर आकाश कुमार, सह सचिव पद पर आदित्य रावत, कोषाध्यक्ष पद पर अंजना भट्ट और विवि प्रतिनिधि पद पर भीम सिंह साउद निर्विरोध चुने गए।
निर्विरोध निर्वाचन की घोषणा होते ही एबीवीपी कार्यकर्ताओं में उत्साह छा गया। ढोल-नगाड़ों के साथ जुलूस निकाला गया और विजयी प्रत्याशियों को माला पहनाकर स्वागत किया गया। स्थिति की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस बल पूरे जुलूस और परिसर में तैनात रहा।

डीबीएस (पीजी) कॉलेज में त्रिकोणीय मुकाबला
वहीं, डीबीएस (पीजी) कॉलेज में नामांकन प्रक्रिया के बाद 27 सितंबर को होने वाले चुनाव में छह पदों पर 32 प्रत्याशी मैदान में हैं। अध्यक्ष पद पर इस बार त्रिकोणीय मुकाबला होगा। एबीवीपी के स्वास्तिक कुकेरती, एनएसयूआई के हर्षमोहन राणा और निर्दलीय पंकज सिंह इस पद पर आमने-सामने होंगे।
उपाध्यक्ष पद के लिए प्रियंका, अमन रावत, प्रभाकर, राजदीप और ऋतिक कुमार मैदान में हैं। महासचिव पद पर एबीवीपी के अभिषेक आनंद, आर्यन संगठन के प्रियांशु कोटनाला, चेतना मिश्रा, गणेश और विष्णु के बीच मुकाबला होगा। इसी तरह संयुक्त सचिव, कोषाध्यक्ष और विवि प्रतिनिधि पदों पर भी कड़ा संघर्ष देखने को मिलेगा। कॉलेज प्रशासन ने शांतिपूर्ण चुनाव के लिए सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं।
डीएवी और एमकेपी कॉलेज में नामांकन

डीएवी (पीजी) कॉलेज में बुधवार को 97 नामांकन पत्र बिके। कॉलेज प्रशासन ने गुरुवार को नामांकन की अंतिम सूची जारी करने का कार्यक्रम तय किया है। गुरुवार सुबह आठ से नौ बजे तक नामांकन के लिए अतिरिक्त समय दिया गया है। 26 सितंबर को आम सभा होगी और 27 सितंबर को मतदान कराया जाएगा।
एमकेपी (पीजी) कॉलेज में बुधवार को 18 नामांकन पत्र बिके। गुरुवार दोपहर 12 बजे तक नामांकन पत्र जमा करने की अंतिम तिथि रखी गई है। इसके बाद देर शाम प्रत्याशियों की अंतिम सूची जारी की जाएगी। महाविद्यालय प्रशासन ने छात्र संगठनों से चुनाव प्रक्रिया के दौरान शांति बनाए रखने की अपील की है।

Popular Articles