हरिद्वार : उत्तराखंड अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूकेएसएसएससी) की स्नातक स्तरीय परीक्षा में पेपर लीक प्रकरण को लेकर हरिद्वार पुलिस प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस कप्तान प्रमेन्द्र सिंह डोबाल ने परीक्षा ड्यूटी के दौरान गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप में दो पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही आदर्श बाल सदन इंटर कॉलेज, बहादरपुर जट में ड्यूटी पर तैनात असिस्टेंट प्रोफेसर सुमन को भी निलंबित कर दिया गया है।
निलंबित पुलिसकर्मियों में सब इंस्पेक्टर रोहित कुमार और कांस्टेबल ब्रह्मदत्त जोशी शामिल हैं। दोनों पर आरोप है कि उन्होंने परीक्षा ड्यूटी के दौरान अपेक्षित संवेदनशीलता और सतर्कता नहीं बरती, जिसके चलते पेपर सेंटर से बाहर भेजे जाने की घटना सामने आई। एसएसपी डोबाल ने इसे गंभीर चूक मानते हुए दोनों पर अनुशासनात्मक कार्रवाई का आदेश दिया।
मामले की जांच सीओ रुड़की नरेन्द्र पंत को सौंपी गई है। उन्हें एक सप्ताह के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं। एसएसपी ने साफ चेतावनी दी कि पेपर लीक जैसे संवेदनशील मामलों में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि परीक्षा केंद्रों की सुरक्षा और निगरानी में तैनात पुलिसकर्मी अगर अपने दायित्वों के प्रति ईमानदार नहीं रहेंगे, तो उन पर कठोर कार्रवाई की जाएगी।
यह कार्रवाई उस समय हुई है जब राज्य में पेपर लीक प्रकरणों ने परीक्षाओं की पारदर्शिता और निष्पक्षता पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं। प्रशासन अब ऐसी घटनाओं पर सख्ती दिखाकर व्यवस्था को दुरुस्त करने की कोशिश में जुटा है।





