Sunday, February 15, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

ऑपरेशन सिंदूर: जैश के बाद लश्कर कमांडर का भी कबूलनामा भारतीय सेना की कार्रवाई से पाकिस्तान में हड़कंप, मुरीदके का मुख्यालय बना खंडहर

नई दिल्ली।
भारतीय सेना के ऑपरेशन सिंदूर की गूंज अब पाकिस्तान और पीओके से उठ रही है। सेना ने इस अभियान के दौरान नौ आतंकी ठिकानों को ध्वस्त किया था। अब आतंकियों के अपने ही कमांडर इस नुकसान को स्वीकारने लगे हैं। पहले जैश-ए-मोहम्मद (JeM) के एक कमांडर ने पाकिस्तान के झूठे दावों का पर्दाफाश किया था और अब लश्कर-ए-तैयबा का एक शीर्ष आतंकी कमांडर सामने आया है, जिसने मुरीदके स्थित मरकज़ तैयबा के नष्ट होने की पुष्टि की है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ कबूलनामा
सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहे एक वीडियो में खुद को लश्कर कमांडर कासिम बताने वाला शख्स दिखाई देता है। वीडियो में कासिम कहता है—
“मैं मुरीदके में मरकज़ तैयबा के खंडहरों पर खड़ा हूं, जो भारतीय हमले में तबाह हो गया था। इसका पुनर्निर्माण जारी है और इसे पहले से भी बड़ा बनाया जाएगा।”
मुरीदके पाकिस्तान के पंजाब प्रांत के शेखपुरा जिले का शहर है, जहां लश्कर का मुख्यालय और कई प्रशिक्षण शिविर मौजूद रहे हैं। यह वही जगह है जिसे भारतीय वायुसेना और सेना ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर के तहत निशाना बनाया था।

पाकिस्तान का दावा और हकीकत
पाकिस्तान सरकार की ओर से यह दावा किया गया कि ऑपरेशन में नष्ट की गई इमारतों का अब आतंकवादी संगठनों द्वारा इस्तेमाल नहीं किया जाएगा। हालांकि, लश्कर कमांडर का बयान पाकिस्तान की मंशा पर बड़ा सवाल खड़ा करता है। अतीत में भी पाकिस्तान पर आतंकी समूहों को संरक्षण देने के आरोप लगते रहे हैं।
नौ आतंकी ठिकानों पर सटीक वार
ऑपरेशन सिंदूर, कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के जवाब में चलाया गया था। इस अभियान में भारतीय सेना ने पाकिस्तान और पीओके में फैले नौ आतंकी ठिकानों को तबाह किया। इनमें शामिल थे—
• मुरीदके (शेखुपुरा, पंजाब): लश्कर-ए-तैयबा का मुख्यालय
• बहावलपुर: जैश-ए-मोहम्मद का प्रमुख अड्डा
• सियालकोट: हिजबुल मुजाहिदीन का ठिकाना
• बरनाला और मुजफ्फराबाद: लश्कर-ए-तैयबा के अन्य प्रशिक्षण शिविर
इन ठिकानों पर की गई सटीक कार्रवाई ने आतंकियों की कमर तोड़ दी और पाकिस्तान के आतंकी ढांचे को गहरी चोट पहुंचाई।

Popular Articles