Thursday, March 5, 2026

Top 5 This Week

Related Posts

पीएम मोदी बोले—भारत किसी की परमाणु धमकियों से नहीं डरता

प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बुधवार को पाकिस्तान प्रायोजित आतंकवाद पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि यह नया भारत है, जो अब किसी की धमकियों से डरता नहीं, बल्कि घर में घुसकर जवाब देता है। प्रधानमंत्री ने कहा, पाकिस्तान से आए आतंकियों ने हमारी मां-बहनों का सिंदूर उजाड़ा था। हमने उनके ठिकाने ध्वस्त कर दिए। हमारे वीर जवानों ने पलक झपकते ही पाकिस्तान को घुटनों पर ला दिया। पूरी दुनिया ने देखा कि पाकिस्तान के जैश आतंकी ने कैसे रो-रोकर अपना हाल बताया। यह नया भारत है, किसी की परमाणु धमकियों से भयभीत नहीं होता।”

देश का पहला पीएम मित्र पार्क का शिलान्यास
प्रधानमंत्री मोदी मध्य प्रदेश के आदिवासी बहुल धार जिले के भैंसोला गांव पहुंचे, जहां उन्होंने देश के पहले पीएम मित्र पार्क (प्रधानमंत्री मेगा इंटीग्रेटेड टेक्सटाइल रीजन एंड एपेरल पार्क) का शिलान्यास किया। साथ ही उन्होंने स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ अभियान का भी शुभारंभ किया।
मोदी ने कहा कि विकसित भारत के चार स्तंभ—नारी, युवा, गरीब और किसान—हैं और आज के कार्यक्रम में इन चारों स्तंभों को नई ऊर्जा देने का कार्य हुआ है।

महिला स्वास्थ्य को दी प्राथमिकता
प्रधानमंत्री ने कहा कि घर में मां के बीमार होने से पूरा परिवार चरमरा जाता है। इसी सोच के साथ महिलाओं के स्वास्थ्य को प्राथमिकता देते हुए सरकार ने कई योजनाएं शुरू की हैं। ‘स्वस्थ नारी-सशक्त परिवार’ अभियान के तहत 2 अक्टूबर तक देशभर में स्वास्थ्य शिविर आयोजित होंगे, जहां महिलाओं की निशुल्क जांच और मुफ्त दवाओं की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने कहा, मां-बहनों के स्वास्थ्य से ज्यादा कीमती सरकारी तिजोरी नहीं हो सकती।”

देश में खुलेंगे छह और पीएम मित्र पार्क
मोदी ने कहा कि टेक्सटाइल इंडस्ट्री को नई ऊर्जा देने के लिए सरकार ‘फाइव एफ विजन’ पर काम कर रही है—फार्म (खेत), फाइबर, फैक्ट्री, फैशन और फॉरेन (विदेश)। उन्होंने कहा कि पीएम मित्र पार्क से किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिलेगा और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार सृजित होंगे। ऐसे छह और पार्क देश में स्थापित किए जाएंगे।

स्वदेशी को बढ़ावा, दुकानों पर लगें ‘गर्व से कहो, ये स्वदेशी है’ बोर्ड
प्रधानमंत्री ने लोगों से आह्वान किया कि वे विदेशी वस्तुओं के बजाय स्वदेशी उत्पादों को ही प्राथमिकता दें। उन्होंने कहा कि 22 सितंबर से कई वस्तुओं पर जीएसटी की दरें कम हो रही हैं। उन्होंने राज्य सरकारों से भी आग्रह किया कि वे दुकानों पर ‘गर्व से कहो, ये स्वदेशी है’ का बोर्ड लगाने का अभियान चलाएं।

विकास और आत्मनिर्भरता पर केंद्रित रहा 46 मिनट का संबोधन
प्रधानमंत्री का 46 मिनट का भाषण पूरी तरह से रक्षा, विकास, आत्मनिर्भरता और महिलाओं के स्वास्थ्य-सुरक्षा पर केंद्रित रहा। उन्होंने न तो कांग्रेस और न ही विपक्ष के किसी नेता का नाम लिया। मंच तक पहुंचने से पहले हेलीपैड से खुले वाहन में सवार होकर उन्होंने लोगों का अभिवादन भी किया।

पीएम मोदी के जन्मदिन पर चला रक्तदान अभियान
प्रधानमंत्री मोदी के 75वें जन्मदिन पर अखिल भारतीय तेरापंथ युवक परिषद ने ‘रक्तदान अमृत महोत्सव 2.0’ के तहत पूरे देश में अभियान चलाया। परिषद का लक्ष्य एक दिन में तीन लाख यूनिट रक्त एकत्रित कर विश्व रिकॉर्ड बनाना था।
इस अभियान के तहत भारत में 7,000 स्थानों पर और विदेशों के 70 देशों में शिविर लगाए गए। परिषद ने इससे पहले 2022 में एक दिन में 2.5 लाख यूनिट रक्त एकत्र कर विश्व रिकॉर्ड बनाया था।

दिल्ली में रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने अणुव्रत भवन में रक्तदान किया, जबकि केंद्रीय स्वास्थ्य राज्यमंत्री अनुप्रिया पटेल और केंद्रीय खेल एवं युवा मामलों के मंत्री मनसुख मांडविया ने भी शिविरों का दौरा किया।

Popular Articles