अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कनाडा से आने वाले सामानों पर 35 प्रतिशत टैरिफ लगाने का आदेश जारी किया है। ट्रंप ने यह कदम कनाडा से हो रही अवैध ड्रग तस्करी को रोकने में सहयोग न मिलने के चलते उठाया है।
पहले 25%, अब 35% आयात शुल्क
टैरिफ की नई दरें 7 अगस्त से प्रभावी होंगी। इससे पहले कनाडा पर 25% टैरिफ लागू था, जिसे अब बढ़ाकर 35% कर दिया गया है। व्हाइट हाउस के अनुसार, “कनाडा अपराधियों और तस्करों पर नियंत्रण के लिए पर्याप्त प्रयास करने में विफल रहा है।”
ट्रंप बना रहे हैं वैश्विक व्यापार दबाव
अपने कार्यकारी आदेश में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका व्यापार और सुरक्षा समझौतों को लेकर अपने साझेदारों पर दबाव बना रहा है। उन्होंने कहा, “कुछ देश ईमानदारी से तालमेल बैठा रहे हैं, लेकिन कई साझेदार अब भी असंतुलन कायम रखे हुए हैं।”
कनाडा पर ट्रंप की तीखी नाराज़गी
ट्रंप पहले भी कनाडा को लेकर विवादास्पद बयान दे चुके हैं — जैसे कि “कनाडा को अमेरिका का 51वां राज्य बना देना चाहिए।” इसके अलावा, कनाडा द्वारा फिलिस्तीन को मान्यता देने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि इससे द्विपक्षीय व्यापार समझौते में कठिनाई आ सकती है।
कनाडा की प्रतिक्रिया: हम निराश हैं
कनाडा के प्रधानमंत्री मार्क कार्नी ने ट्रंप के फैसले पर नाराजगी जताई और कहा, “हम अमेरिका के साथ तभी समझौता करेंगे जब यह कनाडा के लोगों के हित में होगा।” उन्होंने कनाडाई निर्यात को विविधता देने का संकल्प भी जताया।





