केंद्र सरकार ने उत्तराखंड में चार नए केंद्रीय विद्यालय को मंजूरी दी है। यह केंद्रीय विद्यालय दो टिहरी, एक-एक विद्यालय अल्मोड़ा और पौड़ी गढ़वाल जिले में खुलेंगे। जल्द ही इन जगहों में विद्यालय भवन का निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। वर्तमान में प्रदेश में 47 केंद्रीय विद्यालय चल रहे हैं।
शिक्षा की गुणवत्ता व बच्चों की जरूरतों को देखते हुए प्रदेश में लंबे समय से केंद्रीय विद्यालय खोले जाने की मांग चल रही थी। केंद्र सरकार ने आम लोगों की जरूरत को देखते हुए उत्तराखंड में चार केंद्रीय विद्यालय की मंजूरी दी है। यह विद्यालय अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट, टिहरी जिले के नरेंद्र नगर व मदन नेगी व पौड़ी जिले के कोटद्वार में खुलेंगे।
केंद्रीय सड़क व परिवहन राज्य मंत्री अजय टम्टा ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता वाली आर्थिक मामलों की कैबिनेट समिति ने यह मंजूरी दी है। प्रत्येक विद्यालय की कैपेसिटी 960 बच्चों की होगी। जहां बच्चों को बेहतर शिक्षा तो मिलेगी ही वही रोजगार सृजन भी होगा।
प्रत्येक विद्यालय में 63 शिक्षक व अन्य कर्मचारियों की भर्ती भी की जाएगी। उन्होंने कहा कि केंद्रीय विद्यालय में सीमित सीट होने के कारण अभिभावक अपने बच्चों को केंद्रीय विद्यालय में पढ़ा नहीं पा रहे थे। लेकिन अब नए विद्यालय खुलने के बाद यह समस्या दूर होगी।
उन्होंने बताया कि जल्द ही इन विद्यालयों का निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। उन्होंने प्रदेश में केंद्रीय विद्यालय योग को मंजूरी दिए जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार भी व्यक्त किया।
केंद्र सरकार ने प्रत्येक ब्लॉक में केंद्रीय विद्यालय खोलने की घोषणा की थी। जिसके तहत ही यह मंजूरी दी गई है उम्मीद है कि आने वाले समय में अन्य ब्लॉक में भी केंद्रीय विद्यालय खुलेंगे।