नई दिल्ली। लंबी दूरी की ट्रेनों में सफर करने वाले यात्रियों को अब साफ-सफाई और बेहतर सुविधाएं मिलेंगी। रेलवे बोर्ड ने 40 घंटे से अधिक की यात्रा अवधि वाली 11 प्रमुख ट्रेनों में स्वच्छता और रखरखाव की विशेष व्यवस्था लागू करने का फैसला किया है। इसके तहत सभी कोचों में हर दो घंटे में सफाईकर्मी यात्रियों से कचरा एकत्र करेंगे। यह व्यवस्था जनरल और स्लीपर समेत सभी श्रेणियों के कोचों में लागू होगी।
ट्रेनों में ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग व्यवस्था होगी मजबूत
रेलवे की नई योजना के तहत ऑन-बोर्ड हाउसकीपिंग सर्विस (ओबीएचएस) के कर्मचारियों को नियमित रूप से कोचों की सफाई करनी होगी। सफाईकर्मियों को छोटी-मोटी तकनीकी खराबियों को ठीक करने का प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इससे यात्रा के दौरान यात्रियों को होने वाली परेशानियों का जल्द समाधान हो सकेगा।
स्टेशनों पर तैनात रहेंगी विशेष टीमें
चिह्नित क्लीन ट्रेन स्टेशन (सीटीएस) पर प्लंबर, इलेक्ट्रीशियन और अन्य तकनीकी कर्मचारियों की विशेष टीमें तैनात रहेंगी। ट्रेन के स्टेशन पहुंचने से पहले ही खराबियों की जानकारी इन टीमों को दे दी जाएगी, ताकि रुकने के दौरान नल, बिजली और अन्य छोटी समस्याओं को ठीक किया जा सके।
इसके अलावा ट्रेनों के बायो-टॉयलेट की शुरुआती स्टेशन और रास्ते में निर्धारित स्थानों पर जांच की जाएगी। शौचालयों को साफ और चालू रखने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा।
इन 11 ट्रेनों को किया गया चिह्नित
विशेष निगरानी के लिए जिन ट्रेनों का चयन किया गया है, उनमें विवेक एक्सप्रेस, अवध-असम एक्सप्रेस, रानी कमलापति-अगरतला एक्सप्रेस, अहमदाबाद-सहरसा एक्सप्रेस, दानापुर-एसएमवीटी बेंगलुरु एक्सप्रेस, पुणे-सुपौल एक्सप्रेस, अमृतपाली एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस, राजगीर-एलटीटी एक्सप्रेस, हावड़ा-यशवंतपुर एक्सप्रेस और अमृतसर-सहरसा गरीब रथ एक्सप्रेस शामिल हैं।
तस्वीरों से होगी सफाई की निगरानी
रेलवे निर्धारित स्टेशनों पर कोच और शौचालयों की समय दर्ज तस्वीरें लेगा। इनके माध्यम से सफाई की वास्तविक स्थिति पर नजर रखी जाएगी। वहीं, रेल मदद पोर्टल पर यात्रियों की ओर से दर्ज शिकायतों की हर सप्ताह समीक्षा होगी। रेलवे अधिकारियों को शिकायतों का समय पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
रेलवे का उद्देश्य केवल ट्रेन के शुरुआती स्टेशन पर सफाई कराना नहीं, बल्कि पूरी यात्रा के दौरान स्वच्छता और यात्री सुविधाओं को बेहतर बनाए रखना है।





