Top 5 This Week

Related Posts

22 साल से बंद दुर्गादेवी-मैदावन मार्ग खोलने की मांग, ग्रामीणों ने किया प्रदर्शन

मौलेखाल (अल्मोड़ा)। रामनगर-दुर्गादेवी-मैदावन मोटर मार्ग को आम लोगों के लिए खोलने की मांग को लेकर रविवार को दुर्गादेवी गेट पर ग्रामीणों ने सांकेतिक धरना-प्रदर्शन किया। रामनगर-दुर्गादेवी-मैदावन मोटर मार्ग विकास समिति के नेतृत्व में पहुंचे ग्रामीणों और महिलाओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए मार्ग खोलने की मांग उठाई।

कैप्टन बलवंत सिंह रावत के नेतृत्व में बड़ी संख्या में ग्रामीण धरना स्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों का कहना है कि दुर्गादेवी गेट से मैदावन तक करीब 22 किलोमीटर लंबा मार्ग वर्ष 2004 से आम लोगों के लिए बंद है। यह क्षेत्र कालागढ़ टाइगर रिजर्व की मंदाल रेंज में आता है। वर्तमान में इसी मार्ग को कॉर्बेट टाइगर रिजर्व की ओर से सफारी गेट के रूप में विकसित किया गया है, जिसे पर्यटन सीजन में पर्यटकों के लिए खोला जाता है।

समिति पदाधिकारियों के अनुसार मार्ग बंद होने से रिखड़ीखाल और नैनीडांडा क्षेत्र के लोगों को स्वास्थ्य, शिक्षा और अन्य जरूरी कार्यों के लिए करीब 80 किलोमीटर अतिरिक्त दूरी तय करनी पड़ती है। वहीं दुर्गादेवी गेट से मैदावन होते हुए रिखड़ीखाल की दूरी लगभग 50 किलोमीटर है। ग्रामीणों का कहना है कि मार्ग खुलने से 100 से अधिक ग्राम सभाओं के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा और कुमाऊं-गढ़वाल के बीच संपर्क भी बेहतर होगा।

प्रदर्शन में अरविंद रावत, महावीर रावत, गौरव रावत और अजय भदौला समेत महिला मंडलों से जुड़ी दर्जनों महिलाएं शामिल रहीं।

वहीं, कालागढ़ टाइगर रिजर्व की एसडीओ शिप्रा वर्मा ने बताया कि कुछ लोगों ने दुर्गादेवी गेट स्थित प्राचीन दुर्गा देवी मंदिर में पूजा-अर्चना के बाद सांकेतिक धरना दिया था। विभाग के अनुसार प्रदर्शन की पूर्व सूचना नहीं दी गई थी और ग्रामीणों की ओर से अभी तक कोई मांगपत्र भी विभाग को प्राप्त नहीं हुआ है।

Popular Articles