Top 5 This Week

Related Posts

पौड़ी में दर्दनाक सड़क हादसा: 15 फीट गहरी खाई में गिरी मारुति ईको, एक की मौत; चालक समेत दो घायल

पौड़ी गढ़वाल। उत्तराखंड के पौड़ी जिले में धुमाकोट-मर्चूला मार्ग पर सोमवार देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। जड़ाऊखांद के पास मारुति ईको वैन अनियंत्रित होकर सड़क से करीब 15 फीट नीचे खाई में जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि वाहन चालक समेत दो लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) धुमाकोट में भर्ती कराया गया है।

अदालीखाल से धुमाकोट जा रही थी वैन

पुलिस के अनुसार, हादसा धुमाकोट तहसील मुख्यालय से करीब पांच किलोमीटर दूर हुआ। मारुति ईको वैन अदालीखाल से धुमाकोट की ओर जा रही थी। इसी दौरान जड़ाऊखांद से करीब 400 मीटर पहले चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से नीचे खाई में गिर गई।

दुर्घटना की सूचना आपातकालीन नंबर 112 के माध्यम से पुलिस को मिली। इसके बाद धुमाकोट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। घटनास्थल पर जुटे स्थानीय लोगों की मदद से वाहन में सवार तीनों लोगों को बाहर निकाला गया और अस्पताल पहुंचाया गया।

अस्पताल में 43 वर्षीय व्यक्ति ने तोड़ा दम

चिकित्सकों ने उपचार के दौरान हीरा सिंह (43), पुत्र जगत सिंह, निवासी ग्राम देवलाड, थाना धुमाकोट, जिला पौड़ी गढ़वाल को मृत घोषित कर दिया। हादसे में घायल वाहन चालक प्रदीप सिंह रावत उर्फ दीपू (38) और पंकज (19), दोनों निवासी ग्राम देवलाड, का उपचार किया गया।

धुमाकोट के थानाध्यक्ष सुनील पंवार के अनुसार, मृतक के शव को पोस्टमार्टम संबंधी कार्रवाई के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) नैनीडांडा भेजा जा रहा है। पुलिस मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई कर रही है।

हादसे के कारणों की जांच

फिलहाल वाहन अनियंत्रित होने के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस घटना से जुड़े तथ्यों की जांच कर रही है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है।

Popular Articles