Top 5 This Week

Related Posts

2035 तक ईसाई आबादी को पीछे छोड़ दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समूह बन सकते हैं मुसलमान, प्यू रिसर्च की रिपोर्ट में अनुमान

नई दिल्ली। दुनिया की धार्मिक आबादी को लेकर प्यू रिसर्च सेंटर की नई रिपोर्ट में बड़ा अनुमान सामने आया है। रिपोर्ट के मुताबिक, वर्ष 2035 तक मुसलमानों की संख्या ईसाइयों से अधिक हो सकती है और इस्लाम दुनिया का सबसे बड़ा धार्मिक समूह बन सकता है। हालांकि, रिपोर्ट में स्पष्ट किया गया है कि ईसाई और मुस्लिम दोनों समुदायों की आबादी बढ़ेगी, लेकिन मुस्लिम आबादी की वृद्धि दर तुलनात्मक रूप से अधिक रहने का अनुमान है।

प्यू रिसर्च सेंटर ने 2020 से 2070 तक दुनिया के प्रमुख धार्मिक समूहों की आबादी में संभावित बदलाव का अध्ययन किया है। इसके अनुसार, वर्ष 2020 में दुनिया में करीब 2.27 अरब ईसाई और 2.02 अरब मुसलमान थे। अनुमान है कि 2035 तक मुस्लिम आबादी बढ़कर 2.57 अरब और ईसाई आबादी 2.52 अरब हो जाएगी।

अधिक जन्मदर बनी प्रमुख वजह

रिपोर्ट में मुस्लिम आबादी तेजी से बढ़ने की सबसे बड़ी वजह उच्च प्रजनन दर को बताया गया है। वर्ष 2020 से 2025 के दौरान मुस्लिम महिलाओं की औसत प्रजनन दर प्रति महिला 3.1 बच्चे रही, जबकि ईसाई महिलाओं में यह आंकड़ा 2.5 था। अन्य धार्मिक समूहों में यह औसत 1.6 बच्चे प्रति महिला दर्ज किया गया।

प्यू के वरिष्ठ जनसांख्यिकीविद् कॉनराड हैकेट के अनुसार, धर्म परिवर्तन की तुलना में जन्मदर मुस्लिम आबादी की वृद्धि का कहीं अधिक महत्वपूर्ण कारण है।

2070 तक 3.6 अरब से अधिक हो सकती है मुस्लिम आबादी

रिपोर्ट के अनुमान के मुताबिक, यदि मौजूदा रुझान जारी रहते हैं तो 2070 तक दुनिया में मुसलमानों की संख्या 3.6 अरब से अधिक हो सकती है, जबकि ईसाइयों की आबादी करीब 3 अरब रहने का अनुमान है।

इस दौरान हिंदू और यहूदी समुदायों की कुल संख्या में भी वृद्धि हो सकती है, लेकिन वैश्विक आबादी में उनकी हिस्सेदारी घटने का अनुमान है। वहीं, बौद्ध आबादी में संख्या और हिस्सेदारी दोनों के लिहाज से गिरावट की संभावना जताई गई है।

पाकिस्तान में होगी सबसे अधिक मुस्लिम आबादी

रिपोर्ट के अनुसार, 2070 तक पाकिस्तान दुनिया में सबसे अधिक मुस्लिम आबादी वाला देश बन सकता है। इसके बाद भारत, नाइजीरिया और इंडोनेशिया का स्थान होगा। फिलहाल इंडोनेशिया में दुनिया के सबसे अधिक मुसलमान रहते हैं।

रिपोर्ट में यह भी अनुमान जताया गया है कि आने वाले दशकों में अफ्रीका में ईसाई और मुस्लिम दोनों समुदायों की आबादी में तेजी से वृद्धि होगी।

Popular Articles