नई दिल्ली। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने समान नागरिक संहिता (UCC) को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव से पहले भाजपा नेतृत्व वाले राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (NDA) की सरकार वाले 21 राज्यों में समान नागरिक संहिता लागू करने का लक्ष्य है। शाह ने कहा कि कई राज्यों में पहले ही UCC लागू किया जा चुका है और बाकी राज्यों में भी इस दिशा में काम आगे बढ़ाया जाएगा।
मुंबई में पत्रकारों से बातचीत के दौरान अमित शाह ने कहा कि केंद्र सरकार समान नागरिक संहिता को लेकर प्रतिबद्ध है। उन्होंने तीन तलाक को समाप्त किए जाने का उल्लेख करते हुए कहा कि इससे मुस्लिम महिलाओं को समान अधिकार सुनिश्चित करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है।
गृह मंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि मोदी सरकार ने देश को लंबे समय से चली आ रही ‘पॉलिसी पैरालिसिस’ से बाहर निकालकर विकास और जनभागीदारी की राजनीति को आगे बढ़ाया है।
मणिपुर में NRC पर भी बोले शाह
बातचीत के दौरान राष्ट्रीय नागरिक रजिस्टर (NRC) का मुद्दा भी उठा। अमित शाह ने बताया कि मणिपुर में जनगणना से पहले NRC को लेकर प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है। उन्होंने कहा कि इस संबंध में विभिन्न पक्षों से बातचीत जारी है और अंतिम निर्णय समय आने पर बताया जाएगा।
एक महीने चलेगा ‘सेवा संकल्प अभियान’
अमित शाह ने प्रधानमंत्री मोदी के मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री के रूप में 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर देशभर में ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाने की जानकारी भी दी। यह अभियान 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक आयोजित किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि अभियान के दौरान देशभर में रक्तदान, जनसेवा, चित्रकला एवं भाषण प्रतियोगिताओं, आंगनबाड़ी सम्मान, सरकारी योजनाओं से लाभान्वित लोगों की कहानियां और विभिन्न जनभागीदारी कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
इसके साथ ही युवाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए ‘वडनगर से वाराणसी की सेवा यात्रा’ सहित कई कार्यक्रम आयोजित होंगे। अभियान के माध्यम से केंद्र सरकार की 25 वर्षों की यात्रा और उपलब्धियों को भी जनता के बीच पहुंचाने की योजना है।





