Top 5 This Week

Related Posts

2027 में AI मचा सकता है कोविड से भी बड़ा संकट! विशेषज्ञ की चेतावनी, इंसानों के हाथ से निकल सकता है नियंत्रण

वाशिंगटन। आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (AI) की तेजी से बढ़ती क्षमताओं के बीच एक शोधकर्ता ने वर्ष 2027 को लेकर गंभीर चेतावनी दी है। उनका कहना है कि यदि AI के विकास पर समय रहते नियंत्रण नहीं लगाया गया तो अगले साल ऐसा संकट पैदा हो सकता है, जिसका असर कोरोना महामारी से भी ज्यादा व्यापक हो सकता है। इस चेतावनी के बाद दुनिया भर में AI की सुरक्षा और उसके संभावित खतरों को लेकर बहस तेज हो गई है।

AI सुरक्षा पर काम करने वाले शोधकर्ता निकोला जुर्कोविक ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर अपने परिवार के नाम एक खुला पत्र साझा किया है। इसमें उन्होंने कहा कि कई वर्षों से वह AI के बढ़ते खतरों को लेकर चिंतित हैं, लेकिन अब उन्हें अपनी आशंकाएं सार्वजनिक करना जरूरी लग रहा है। वह METR नामक गैर-लाभकारी संस्था से जुड़े हैं, जो उन्नत AI प्रणालियों के जोखिमों का परीक्षण करती है।

तीन बड़े खतरों की जताई आशंका

जुर्कोविक ने AI से जुड़े तीन प्रमुख संभावित खतरों का उल्लेख किया है। पहला, अनियंत्रित AI महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे, जैसे बिजली और बैंकिंग प्रणालियों को निशाना बना सकता है। दूसरा, गलत इरादे वाले लोग AI का इस्तेमाल जैविक हथियार विकसित करने में कर सकते हैं। तीसरा, सरकारों और बड़े संस्थानों के महत्वपूर्ण फैसलों में मशीनों को जरूरत से ज्यादा अधिकार दिए जा सकते हैं।

शोधकर्ता के अनुसार, सख्त वैश्विक नियम नहीं बनाए गए तो AI वर्ष 2027 तक खुद को बेहतर बनाते हुए इंसानों से अधिक बुद्धिमान हो सकता है। ऐसी स्थिति में उसके लक्ष्य मानव हितों के विपरीत भी हो सकते हैं।

नौकरियों पर भी मंडरा रहा खतरा

जुर्कोविक ने चेतावनी दी कि आने वाले 10 वर्षों में मौजूदा नौकरियों का बड़ा हिस्सा खत्म हो सकता है। इससे वैश्विक अर्थव्यवस्था, शिक्षा और रोजगार व्यवस्था पर गंभीर प्रभाव पड़ने की आशंका है। उन्होंने अपने परिवार को आपात स्थिति के लिए लगभग दो सप्ताह का भोजन, पानी और नकदी रखने की सलाह भी दी है।

वैश्विक नियम बनाने की मांग

शोधकर्ता ने दुनिया के देशों से AI के विकास की गति नियंत्रित करने और सख्त अंतरराष्ट्रीय नियम बनाने की अपील की है। उन्होंने आम लोगों से भी AI के खतरों पर चर्चा करने और सरकारों से सुरक्षा संबंधी कदम उठाने की मांग करने को कहा है।

हालांकि, वर्ष 2027 में कोविड से भी बड़ा संकट आने या 2030 तक मानवता के अस्तित्व पर गंभीर खतरा पैदा होने संबंधी ये आंकड़े शोधकर्ता के व्यक्तिगत अनुमान हैं। इन्हें किसी निश्चित वैज्ञानिक भविष्यवाणी या स्थापित निष्कर्ष के रूप में नहीं देखा जाना चाहिए।

Popular Articles