Top 5 This Week

Related Posts

2.20 करोड़ के इनामी माओवादी असीम मंडल ने कोलकाता STF के सामने किया आत्मसमर्पण

रांची। प्रतिबंधित माओवादी संगठन के शीर्ष नेताओं में शामिल असीम मंडल उर्फ आकाश ने गुरुवार को कोलकाता पुलिस की स्पेशल टास्क फोर्स (STF) के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। असीम मंडल पर झारखंड और ओडिशा सरकार की ओर से कुल 2.20 करोड़ रुपये का इनाम घोषित था। झारखंड में उस पर एक करोड़ और ओडिशा में 1.20 करोड़ रुपये का इनाम था।

पश्चिम बंगाल के पश्चिम मेदिनीपुर जिले के चंद्रकोना थाना क्षेत्र के उत्तर फुलचुक निवासी असीम मंडल लंबे समय से माओवादी गतिविधियों में सक्रिय था। पुलिस के अनुसार, उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 55 से अधिक मामले दर्ज हैं। वह झारखंड के पश्चिमी सिंहभूम जिले के सारंडा क्षेत्र में भी काफी सक्रिय रहा था।

असीम मंडल का नाम सुरक्षा बलों के खिलाफ हुई कई घटनाओं में सामने आया है। एक मार्च 2026 को चाईबासा के छोटानागरा थाना क्षेत्र के मारांगपोंगा में मुठभेड़ के दौरान 209 कोबरा बटालियन के सहायक समादेष्टा समेत दो सुरक्षाकर्मी घायल हुए थे। इससे पहले 12 अप्रैल 2025 को जरायकेला क्षेत्र में झारखंड जगुआर का एक जवान शहीद हुआ था। 11 जनवरी 2023 को तुंबाहाका क्षेत्र में मुठभेड़ और आईईडी विस्फोट में 209 कोबरा के नौ जवान घायल हुए थे।

रिपोर्ट के अनुसार, असीम मंडल के आत्मसमर्पण के बाद झारखंड पुलिस की एक टीम कोलकाता जाकर उससे पूछताछ करेगी। पूछताछ में संगठन के बचे हुए सदस्यों, हथियारों और अन्य गतिविधियों से संबंधित जानकारी जुटाने की कोशिश की जाएगी।

असीम मंडल के आत्मसमर्पण से पहले उसके दस्ते से जुड़े कुछ अन्य माओवादी भी पश्चिम बंगाल में आत्मसमर्पण कर चुके हैं। सुरक्षा एजेंसियां अब असीम मंडल से मिलने वाली जानकारी के आधार पर संगठन के नेटवर्क से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच करेंगी।

Popular Articles