रुद्रपुर। आठ अगस्त को कैश कलेक्शन कर्मी से हुई लूटपाट के मामले में आखिरी आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त आ गया। उससे लूट की 1.40 लाख रकम भी बरामद हुई। पुलिस अभियुक्त को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही। पुलिस के मुताबिक आठ अगस्त को कैश कलेक्शन कर्मी विनीत पाठक से हथियारबंद बदमाशों ने 12.60 लाख रुपये नगद की लूट की थी। इस मामले में प्रकरण में मुकदमा दर्ज हुआ और बगवाड़ा पुलिस चौकी प्रभारी निर्मल लटवाल ने जांच शुरू की।
पुलिस ने एक नाबालिग समेत आठ अभियुक्तों की गिरफ्तारी होने के बाद लूटकांड का आखिरी फरार बदमाश सिटू फरार चल रहा था। गुरुवार की शाम को मिली सूचना के आधार पर पुलिस ने पसियापुर बिलासपुर यूपी निवासी सिटू उर्फ सरनजीत सिंह को गिरफ्तार कर लिया और पुलिस ने उसके पास से 1.40 लाख लूट की रकम बरामद की। कोतवाल प्रकाश दानू ने बताया कि नौ अभियुक्तों ने लूटपाट की वारदात को अंजाम दिया था और नौ सदस्यों का संगठित गिरोह है। उन्होंने बताया कि पुलिस गिरफ्तार अभियुक्त को कोर्ट में पेश करने की कार्रवाई कर रही है।





