Monday, December 8, 2025

Top 5 This Week

Related Posts

100 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, कई राज्यों में भारी बारिश का अनुमान

बंगाल की खाड़ी इन दिनों लगातार चक्रवाती गतिविधियों से उथल-पुथल बनी हुई है। पहले साइक्लोन ‘सेन्यार’ ने समुद्री हलचल बढ़ाई और अब चक्रवाती तूफान ‘दितवाह’ तेजी से भारत की ओर बढ़ रहा है। श्रीलंका में तबाही मचाने के बाद यह तूफान अब उत्तरी तमिलनाडु, पुडुचेरी और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटीय इलाकों के लिए गंभीर खतरा बन चुका है।

श्रीलंका में दितवाह के कारण अब तक 69 लोगों की मौत दर्ज की जा चुकी है। तूफान के भारत की ओर बढ़ने के साथ ही दक्षिण भारतीय राज्यों में अगले तीन दिनों तक मौसम के खराब रहने की चेतावनी जारी की गई है।

भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार, दितवाह के प्रभाव से तमिलनाडु में 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने की संभावना है। इसके साथ ही भारी बारिश भी हो सकती है।

तमिलनाडु के अलावा केरल, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के तटीय इलाकों में 60 से 100 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार वाली हवाएं चलेंगी। इन राज्यों में कई स्थानों पर भारी से बहुत भारी वर्षा का पूर्वानुमान है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो सकता है।

IMD के पूर्वानुमान के अनुसार, दितवाह तूफान श्रीलंका तट से होते हुए उत्तर-उत्तरपश्चिम दिशा की ओर बढ़ रहा है और रविवार सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु और दक्षिणी आंध्र प्रदेश के तटों के निकट पहुंच जाएगा।

मौसम विभाग ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि समुद्र की स्थिति 29 और 30 तारीख को अत्यंत खराब रहेगी। तूफानी लहरें पुडुचेरी और उत्तरी तमिलनाडु के निचले इलाकों में पानी भर सकती हैं। स्थिति को देखते हुए मछुआरों को 30 तारीख तक समुद्र में न जाने की सलाह दी गई है।

IMD के डायरेक्टर जनरल डॉ. मृत्युंजय महापात्रा ने बताया कि चक्रवाती तूफान इस समय श्रीलंका के तटीय क्षेत्रों और दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी के ऊपर सक्रिय है। यह चेन्नई से लगभग 480 किलोमीटर दक्षिण में स्थित है और तेजी से उत्तर-उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ रहा है।

उन्होंने कहा कि तूफान 29 तारीख की सुबह तक दक्षिण-पश्चिम बंगाल की खाड़ी में प्रवेश कर जाएगा, जहां इसकी तीव्रता में और वृद्धि हो सकती है।

दितवाह के सोमवार सुबह तक उत्तरी तमिलनाडु और पुडुचेरी तट के पास पहुंचने का अनुमान है। इसके प्रभाव से तमिलनाडु, दक्षिणी आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी में अत्यधिक वर्षा हो सकती है।

मौसम विभाग ने आशंका जताई है कि भारी बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर बाढ़ की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। पहाड़ी क्षेत्रों में अचानक बाढ़ का खतरा भी बना रहेगा। तटीय इलाकों में समुद्र के उफान से जलभराव की स्थिति पैदा हो सकती है।

तमिलनाडु के कुड्डालोर जिले में प्रशासन ने हाई अलर्ट जारी कर दिया है। जिला कलेक्टर सिबी अधित्या ने बताया कि IMD ने जिले के लिए अत्यधिक भारी बारिश का पूर्वानुमान जारी किया है। इस खतरे को देखते हुए प्रशासन ने पहले से तैयारियां शुरू कर दी हैं।

उन्होंने बताया कि जिले में 22 अत्यधिक संवेदनशील और 39 संवेदनशील स्थानों की पहचान की गई है, जहां पानी भरने की समस्या रहती है। सभी स्थानों पर मानव संसाधन और उपकरण तैनात किए गए हैं ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।

कलेक्टर ने बताया कि जिले में 233 राहत शिविर तैयार किए गए हैं, जहां जरूरत पड़ने पर लोगों को सुरक्षित स्थानों पर ले जाया जा सकेगा। इन शिविरों में भोजन और पेयजल की व्यवस्था भी की गई है।

Popular Articles