Top 5 This Week

Related Posts

सड़क पर रफ्तार का कहर: कैंटर की टक्कर से दो युवकों की मौत

नगला दवाईफार्म के पास दर्दनाक हादसा, दो घरों के बुझ गए चिराग; पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंपे शव

हल्द्वानी/लालकुआं। सड़कों पर दौड़ती तेज रफ्तार गाड़ियां लगातार जिंदगियां निगल रही हैं, लेकिन हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। नगला दवाईफार्म के पास कैंटर और स्कूटी की भीषण भिड़ंत ने दो युवा जिंदगियां छीन लीं। हादसे के बाद दो परिवारों में मातम पसरा है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराने के बाद उन्हें परिजनों को सौंप दिया।

जानकारी के अनुसार, पश्चिमी दौलतपुर, काठगोदाम निवासी 22 वर्षीय चेतन बिष्ट और भवाली निवासी 23 वर्षीय दीक्षित बिष्ट स्कूटी से लालकुआं से किच्छा की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नगला दवाईफार्म के पास तेज रफ्तार कैंटर ने उनकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे के बाद दोनों को उपचार के लिए हल्द्वानी स्थित डॉ. सुशीला तिवारी राजकीय चिकित्सालय ले जाया गया, लेकिन उन्हें बचाया नहीं जा सका। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हादसे की जानकारी जुटाई।

दो परिवारों पर टूटा दुखों का पहाड़

एक ही हादसे में दो युवकों की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। जिन घरों में युवाओं के भविष्य को लेकर सपने संजोए जा रहे थे, वहां अब मातम पसरा है। दोनों के शव पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिए गए हैं।

लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर तेज रफ्तार और यातायात सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं। सवाल यह है कि आखिर सड़क पर लापरवाही का यह सिलसिला कब थमेगा और लोगों की जान कब सुरक्षित होगी?

Popular Articles