Top 5 This Week

Related Posts

विशेषज्ञ डॉक्टरों के थोक तबादलों पर उठा सवाल, आशा वर्कर्स यूनियन ने विधायक सुमित हृदयेश को सौंपा ज्ञापन

हल्द्वानी। उत्तराखण्ड आशा हेल्थ वर्कर्स यूनियन (ब्लॉक हल्द्वानी) के एक शिष्टमंडल ने बुधवार को सुमित हृदयेश से उनके आवास पर शिष्टाचार भेंट कर हल्द्वानी के प्रमुख सरकारी अस्पतालों—सुशीला तिवारी चिकित्सालय, डॉ. सोबन सिंह जीना बेस चिकित्सालय एवं महिला चिकित्सालय—से विशेषज्ञ डॉक्टरों के किए गए थोक तबादलों के संबंध में ज्ञापन सौंपा।

शिष्टमंडल ने विधायक को अवगत कराया कि हल्द्वानी कुमाऊँ का प्रवेश द्वार होने के कारण पर्वतीय क्षेत्रों सहित पूरे कुमाऊँ मंडल के लाखों लोग बेहतर उपचार के लिए यहां के सरकारी अस्पतालों पर निर्भर हैं। ऐसे में विशेषज्ञ चिकित्सकों का एक साथ बड़े स्तर पर स्थानांतरण होने से स्वास्थ्य सेवाओं पर गंभीर असर पड़ने की आशंका है। यूनियन का कहना है कि इसका सीधा प्रभाव गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों, गर्भवती महिलाओं, बच्चों तथा दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्रों से इलाज के लिए आने वाले लोगों पर पड़ेगा।

यूनियन की ओर से मांग की गई कि जनहित को सर्वोपरि रखते हुए इन थोक तबादलों पर पुनर्विचार किया जाए तथा सरकारी अस्पतालों में विशेषज्ञ डॉक्टरों के रिक्त पदों को शीघ्र भरा जाए, ताकि आम जनता को गुणवत्तापूर्ण एवं निर्बाध स्वास्थ्य सेवाएं मिलती रहें।

इस दौरान विधायक सुमित हृदयेश ने शिष्टमंडल को आश्वस्त किया कि उनके द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण जनहित के मुद्दे को सरकार के समक्ष पूरी मजबूती से रखा जाएगा। उन्होंने कहा कि हर संभव प्रयास किया जाएगा ताकि हल्द्वानी सहित पूरे कुमाऊँ की स्वास्थ्य व्यवस्था प्रभावित न होने पाए। उन्होंने कहा कि प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है और जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय पर उनकी आवाज सदन से लेकर सरकार तक प्रभावी ढंग से उठाई जाएगी।

इस अवसर पर पार्षद रवि जोशी, हेमंत साहू, रिंकी जोशी, रेशमा, सुनीता महरा, रेनू घुघुतियाल, प्रीति सरोज, रीना बाला, मीना शर्मा, सायमा, मंजू आर्या, जसोदा एवं सरिता साहू सहित कई लोग उपस्थित रहे।

Popular Articles