हल्द्वानी। नगर निगम ने ठोस अपशिष्ट प्रबंधन को लेकर एक अहम पहल करते हुए लीगेसी वेस्ट प्रोसेसिंग प्लांट का शुभारंभ कर दिया। महापौर गजराज सिंह विष्ट ने प्लांट का उद्घाटन करते हुए कहा कि वर्षों से डंपिंग स्थल पर जमा लीगेसी वेस्ट का वैज्ञानिक एवं पर्यावरणीय मानकों के अनुरूप निस्तारण नगर निगम की प्राथमिकता है। इस परियोजना से डंपिंग स्थल के पुनर्विकास का मार्ग प्रशस्त होगा और शहरवासियों को स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी।
महापौर ने कार्यदायी संस्था को निर्देश दिए कि प्रोसेसिंग का कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए तथा सभी पर्यावरणीय और वैधानिक मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित किया जाए।
इस दौरान नगर आयुक्त परितोष वर्मा, वरिष्ठ नगर स्वास्थ्य अधिकारी चन्द्रशेखर टोलिया सहित अन्य अधिकारियों ने प्लांट का निरीक्षण कर कार्यों की प्रगति की समीक्षा की और आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
नगर निगम ने शहरवासियों से भी स्वच्छता अभियान और ठोस अपशिष्ट प्रबंधन में सक्रिय सहयोग की अपील करते हुए कहा कि जनसहभागिता से ही स्वच्छ, सुंदर और पर्यावरण अनुकूल हल्द्वानी का सपना साकार किया जा सकता है।





