हल्द्वानी। तीनपानी बाईपास पुल पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे, जिसमें चार युवकों की जान चली गई, के बाद पुलिस प्रशासन ने दुर्घटना के कारणों की गहन जांच शुरू कर दी है। सोमवार को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. मंजूनाथ टी.सी. स्वयं घटनास्थल पहुंचे और पूरे घटनाक्रम का बारीकी से निरीक्षण कर अधिकारियों को वैज्ञानिक एवं तकनीकी आधार पर जांच कर रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश दिए।
गौरतलब है कि शनिवार देर रात लालकुआं की ओर से आ रही स्कॉर्पियो (यूके-04 यू-7275) ने तीनपानी बाईपास पुल के घुमाव पर स्कूटी को टक्कर मार दी थी। इस भीषण हादसे में स्कूटी सवार चार युवकों की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के तुरंत बाद एसपी क्राइम/यातायात नैनीताल और एसपी सिटी हल्द्वानी ने सुशीला तिवारी अस्पताल पहुंचकर घायलों और हादसे की जानकारी ली थी।
सोमवार को एसएसपी ने दुर्घटनास्थल पर दोनों वाहनों की दिशा, सड़क की स्थिति, पुल के घुमाव तथा अन्य तकनीकी पहलुओं का गहन अध्ययन किया। उन्होंने कहा कि यह अत्यंत गंभीर और पीड़ादायक दुर्घटना है, जिसके हर पहलू का विस्तृत विश्लेषण किया जा रहा है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।
एसएसपी ने संबंधित अधिकारियों को दुर्घटना के कारणों का वैज्ञानिक परीक्षण कर आवश्यक सुधारात्मक उपाय सुझाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस हादसे से समाज, वाहन चालकों और पुलिस व्यवस्था सभी को सबक लेने की जरूरत है। सड़क सुरक्षा नियमों का पालन, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाना और सतर्कता ही ऐसे हादसों को रोकने का सबसे प्रभावी माध्यम है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि नैनीताल पुलिस सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रभावी अनुपालन के लिए आगे भी लगातार अभियान चलाती रहेगी।





