हल्द्वानी। नगर निगम हल्द्वानी-काठगोदाम ने शहर में फुटपाथों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए विशेष अभियान चलाया। अभियान के दौरान मुखानी चौराहे से कार्यशाला तक फुटपाथों पर किए गए अतिक्रमण को हटाते हुए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की गई।
नगर निगम की टीम ने अभियान के दौरान 8 चालान कर 6 हजार रुपये का जुर्माना वसूला। इसके अलावा दो वाहन/सामान जब्त किए गए। फुटपाथ पर अवैध रूप से लगाए गए ठेलों को हटाया गया, जबकि एक ठेले को जब्त कर नगर निगम की अभिरक्षा में लिया गया।
नगर निगम अधिकारियों ने कहा कि फुटपाथ पैदल यात्रियों की सुविधा के लिए हैं और इन पर किसी भी प्रकार का अतिक्रमण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने व्यापारियों और ठेला संचालकों से निर्धारित स्थानों पर ही व्यवसाय करने की अपील की।
अभियान में नगर निगम के नोडल अतिक्रमण गणेश भट्ट, आई.पी. पंत, अमोल असवाल सहित नगर निगम की टीम मौजूद रही। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने के लिए इस तरह की कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।




