Top 5 This Week

Related Posts

लाल किला ब्लास्ट के पीछे AQIS, UN रिपोर्ट में आधिकारिक पुष्टि

नई दिल्ली। नवंबर 2025 में दिल्ली के लाल किले के पास हुए भीषण कार विस्फोट को लेकर संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की नई रिपोर्ट में बड़ा खुलासा हुआ है। रिपोर्ट के मुताबिक, इस आतंकी हमले को अल-कायदा इन द इंडियन सबकॉन्टिनेंट (AQIS) से आधिकारिक तौर पर जोड़ा गया है।

यूएन सुरक्षा परिषद की 1267 प्रतिबंध समिति से संबंधित 38वीं रिपोर्ट में कहा गया है कि AQIS पिछले कुछ समय में एक बिखरे हुए संगठन से विकसित होकर क्षेत्रीय आतंकी नेटवर्क का रूप ले रहा है। संगठन ने बड़े मॉड्यूल के बजाय छोटे और विकेंद्रीकृत सेल के जरिए अपने लॉजिस्टिक और वित्तीय नेटवर्क को मजबूत किया है। रिपोर्ट में नवंबर 2025 के लाल किला हमले को AQIS से आधिकारिक रूप से संबद्ध बताया गया है।

कार में हुआ था जोरदार विस्फोट

10 नवंबर 2025 को लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास ट्रैफिक सिग्नल पर धीमी गति से चल रही एक कार में जोरदार विस्फोट हुआ था। हादसे में करीब 15 लोगों की मौत हुई थी और कई अन्य घायल हुए थे। घटना के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने बड़े पैमाने पर जांच शुरू की थी।

दक्षिण एशिया में नेटवर्क विस्तार की चिंता

यूएन रिपोर्ट ने AQIS की गतिविधियों को लेकर दक्षिण एशिया में बढ़ते सुरक्षा खतरे पर भी चिंता जताई है। रिपोर्ट के अनुसार, संगठन छोटे-छोटे सेल और वित्तीय नेटवर्क के जरिए अपनी गतिविधियों को फैलाने की कोशिश कर रहा है। बांग्लादेश में भी आतंकी सेल स्थापित करने की कोशिशों को लेकर चिंता जताई गई है।

रिपोर्ट में अफगानिस्तान, पाकिस्तान और बांग्लादेश समेत क्षेत्र में सक्रिय आतंकी संगठनों की गतिविधियों तथा ऑनलाइन माध्यमों से ऑपरेशनल सामग्री के प्रसार को भी सुरक्षा चुनौती बताया गया है।

यूएन की इस रिपोर्ट से लाल किला विस्फोट की जांच में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर एक महत्वपूर्ण कड़ी जुड़ी है और दक्षिण एशिया में अल-कायदा से जुड़े नेटवर्क की गतिविधियों को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की चिंता और बढ़ गई है।

Popular Articles