नई दिल्ली। काला सागर में रूसी ड्रोन हमले का शिकार हुए तुर्किये के मालवाहक जहाज से बचाए गए तीन भारतीय नागरिक रोमानिया से भारत के लिए रवाना हो गए हैं। बुखारेस्ट स्थित भारतीय दूतावास ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि तीनों भारतीय नागरिकों की सुरक्षित वापसी के लिए आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई गई।
जहाज पर मक्का लदा था
जानकारी के अनुसार, तुर्किये की कंपनी के स्वामित्व वाला मालवाहक जहाज एमवी रोयाद ममादोव यूक्रेन के इजमेल बंदरगाह से मक्का लेकर इटली के रावेन्ना जा रहा था। इसी दौरान सोमवार को रोमानिया के क्षेत्रीय जलक्षेत्र के बाहर काला सागर में जहाज पर हमला हुआ।
हमले के बाद जहाज पर आग लग गई और चालक दल के कई सदस्य घायल हो गए। इस घटना में दो विदेशी नाविकों की मौत हो गई। हालांकि, मृतकों की राष्ट्रीयता तत्काल स्पष्ट नहीं हो सकी।
एक भारतीय नाविक हुआ था घायल
जहाज पर तीन भारतीय नागरिक साहिल संधू, अश्विनी कुमार और हरमन सिंह सवार थे। हमले के बाद तीनों को सुरक्षित बचा लिया गया। इनमें से एक भारतीय नाविक घायल हो गया था, जिसे रोमानिया के कॉन्स्टांटा काउंटी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहां उसका उपचार किया गया।
भारतीय दूतावास ने बताया कि उसने तीनों नागरिकों की सहायता और स्वदेश वापसी के लिए रोमानियाई अधिकारियों, अस्पताल प्रशासन और बचाव दल के साथ समन्वय किया।
भारतीय दूतावास ने जताया आभार
बुखारेस्ट स्थित भारतीय दूतावास ने रोमानिया के अधिकारियों और बचाव दल का सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया। दूतावास ने कहा कि संकट की स्थिति में भारतीय नागरिकों की सुरक्षा और सहायता उसकी प्राथमिकता है।
काला सागर में वाणिज्यिक जहाजों पर हमलों की घटनाओं ने समुद्री सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ा दी है। रूस-यूक्रेन संघर्ष के बीच इस महत्वपूर्ण समुद्री मार्ग पर व्यापारिक जहाजों और नाविकों की सुरक्षा अंतरराष्ट्रीय समुदाय के लिए चुनौती बनी हुई है।





