नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के बीच बुधवार को टेलीफोन पर बातचीत हुई। दोनों नेताओं ने भारत-अमेरिका के बीच व्यापार, रक्षा, ऊर्जा, महत्वपूर्ण प्रौद्योगिकियों समेत विभिन्न क्षेत्रों में द्विपक्षीय सहयोग की प्रगति की समीक्षा की।
प्रधानमंत्री मोदी ने बातचीत को सार्थक बताते हुए कहा कि दोनों देशों की व्यापक वैश्विक रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए करीबी संपर्क बनाए रखने पर सहमति बनी है। दोनों नेताओं ने आपसी हित से जुड़े अन्य क्षेत्रों में सहयोग को और मजबूत करने पर भी चर्चा की।
बातचीत के दौरान क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ। दोनों नेताओं ने वैश्विक शांति और सुरक्षा को बढ़ावा देने के लिए जारी प्रयासों पर चर्चा की। साथ ही, दोनों ने भविष्य में भी एक-दूसरे के संपर्क में रहने पर सहमति जताई।
यह बातचीत ऐसे समय हुई है जब भारत और अमेरिका के बीच व्यापार समेत कई महत्वपूर्ण मुद्दों पर बातचीत जारी है। भारत के वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल भी व्यापार समझौते से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के लिए अमेरिका के दौरे पर हैं।
प्रधानमंत्री मोदी और राष्ट्रपति ट्रंप के बीच इस वर्ष पहले भी कई बार फोन पर बातचीत हो चुकी है। ताजा वार्ता में दोनों देशों के रणनीतिक संबंधों को आगे बढ़ाने और विभिन्न क्षेत्रों में सहयोग जारी रखने पर जोर दिया गया।





