नई बस्ती में जुटे मुस्लिम बुद्धिजीवी और सामाजिक कार्यकर्ता, बोले—हुनर को रोजगार से जोड़कर युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने पर रहेगा जोर
हल्द्वानी। उत्तराखंड हुनर परिषद की नई जिम्मेदारी संभालने के बाद हल्द्वानी पहुंचे मुफ्ती शामून कासमी का नई बस्ती, इंदिरा नगर में जोरदार स्वागत किया गया। हाजी महबूब अली के आवास पर आयोजित स्वागत समारोह में क्षेत्र के मुस्लिम बुद्धिजीवियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने उनका अभिनंदन किया। कार्यक्रम में हुनर परिषद के माध्यम से युवाओं को प्रशिक्षण और रोजगार के अवसरों से जोड़ने पर जोर दिया गया।
समारोह को संबोधित करते हुए मुफ्ती शामून कासमी ने नई जिम्मेदारी के लिए मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का आभार जताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार समाज के सभी वर्गों के कल्याण की दिशा में काम कर रही है। उनके मुताबिक अल्पसंख्यक समुदाय के शैक्षिक, सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए उठाए जा रहे कदमों में हुनर परिषद की भूमिका महत्वपूर्ण हो सकती है।
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड हुनर परिषद का फोकस कौशल विकास और रोजगारपरक प्रशिक्षण पर रहेगा। परिषद युवाओं और अन्य जरूरतमंद लोगों को विभिन्न क्षेत्रों में प्रशिक्षण, मार्गदर्शन और अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में काम करेगी, ताकि वे रोजगार हासिल करने के साथ स्वरोजगार के माध्यम से भी आत्मनिर्भर बन सकें।
मुफ्ती कासमी ने कहा कि हुनर और प्रतिभा की कमी नहीं है, जरूरत उन्हें सही दिशा और अवसर देने की है। परिषद प्रशिक्षण के जरिए प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने का प्रयास करेगी। उन्होंने लोगों से परिषद की योजनाओं का लाभ उठाने और समाज के विकास में सक्रिय भागीदारी करने का आह्वान किया।
स्वागत समारोह में उत्तराखंड अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य हाजी महबूब अली, जहीर अंसारी, शानू खान, लाल मोहम्मद, राजा कमल, परवेज आलम, मोहम्मद इलियास, हाजी मोहम्मद तकी, मोहम्मद इकबाल, मोहम्मद शकील सिद्दीकी, शहिदुजमा, नसरुल्ला, मोहम्मद अहसान, मोहम्मद अनवर, मोहम्मद रईस, मोहम्मद साजिद और मोहम्मद मोहिद समेत बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी, सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी मौजूद रहे।




