मुंबई। आईआईटी बॉम्बे में बीटेक द्वितीय वर्ष के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के बाद हॉस्टल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर बड़े बदलाव की प्रक्रिया शुरू हो गई है। संस्थान के हॉस्टल कमरों से सीलिंग फैन हटाकर उनकी जगह वॉल-माउंटेड फैन लगाए जा रहे हैं। नए पंखों की पहली खेप कैंपस पहुंच चुकी है।
महाराष्ट्र के यवतमाल निवासी साहिल वाकोडे एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग विभाग के छात्र थे। 18 सितंबर को उन्हें पवई कैंपस स्थित हॉस्टल के कमरे में मृत पाया गया था। उनकी मौत के बाद कैंपस में छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया और प्रशासन से जवाबदेही तथा सुरक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग की।
आईआईटी बॉम्बे प्रशासन की ओर से बताया गया है कि हॉस्टल में सीलिंग फैन बदलने का काम व्यापक नवीनीकरण योजना का हिस्सा है। वहीं, हाल की छात्र मौतों के बीच इस फैसले को लेकर कैंपस में चर्चा तेज हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, सीलिंग फैन को हटाकर दीवार पर लगाए जाने वाले पंखे लगाने की योजना पर पिछले कुछ समय से विचार किया जा रहा था।
इस मामले में छात्रों के विरोध के बाद संस्थान ने कई मांगों पर सहमति जताई है। वहीं, छात्र की मौत से जुड़े मामले की जांच भी चल रही है। पुलिस ने मामले की जांच क्राइम ब्रांच को सौंप दी है।
प्रशासन का कहना है कि हॉस्टल में नवीनीकरण के तहत कई कार्य किए जा रहे हैं, जिनमें पंखों को बदलना भी शामिल है। दूसरी ओर, इस फैसले को छात्र सुरक्षा के नजरिए से भी देखा जा रहा है।




