Top 5 This Week

Related Posts

मियांवाला को मिली बड़ी सौगात, 8.64 करोड़ से बने ‘जल सृष्टि पार्क’ का सीएम धामी ने किया लोकार्पण

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने शुक्रवार को मियांवाला में मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) की ओर से करीब 8.64 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किए गए ‘जल सृष्टि पार्क’ का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री की घोषणा के तहत तैयार किए गए इस पार्क में पुराने तालाब को पुनर्जीवित कर प्राकृतिक सौंदर्य के साथ आधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यह पार्क स्वच्छ, स्वस्थ और हरित देहरादून की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। पार्क को बच्चों, युवाओं, महिलाओं और बुजुर्गों समेत सभी आयु वर्ग के लोगों की जरूरतों को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। तालाब के बीच बनाया गया आइलैंड और पेडल बोटिंग यहां के प्रमुख आकर्षण हैं।

पुराने तालाब को मिला नया जीवन

पार्क की खासियत यह है कि इसके निर्माण के लिए पुराने तालाब को खत्म नहीं किया गया, बल्कि उसका पुनर्जीवन किया गया। तालाब और उसके आसपास के क्षेत्र को विकसित कर इसे मनोरंजन और प्रकृति से जुड़ाव के नए केंद्र के रूप में तैयार किया गया है। यहां जॉगिंग ट्रैक, योगा डेक, चिल्ड्रन पार्क, एजुकेशनल फ्लावर गार्डन और जैव विविधता क्षेत्र जैसी सुविधाएं भी विकसित की गई हैं।

मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि जल स्रोतों और तालाबों का संरक्षण केवल पर्यावरण बचाने तक सीमित नहीं है, बल्कि यह आने वाली पीढ़ियों के लिए प्राकृतिक विरासत को सुरक्षित रखने का प्रयास भी है। उन्होंने कहा कि विकास का अर्थ केवल कंक्रीट के ढांचे बनाना नहीं, बल्कि लोगों का जीवन आसान बनाना, शहर को सुंदर बनाना और पर्यावरण की रक्षा करना भी है।

रायपुर क्षेत्र को मिला नया आकर्षण

मुख्यमंत्री ने पार्क को रायपुर क्षेत्र के लिए नया आकर्षण बताते हुए कहा कि यहां लोगों को देहरादून में ही ‘नैनीताल जैसी फीलिंग’ मिल सकेगी। उन्होंने पार्क को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने के लिए स्थानीय लोगों से सहयोग की अपील की।

धामी ने बताया कि रायपुर क्षेत्र में सड़क, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, सीवर और बाढ़ सुरक्षा से जुड़े कार्य भी आगे बढ़ाए जा रहे हैं। बढ़ती आबादी को देखते हुए देहरादून की पेयजल व्यवस्था मजबूत करने के लिए सौंग डैम परियोजना पर भी काम जारी है।

Popular Articles