देहरादून। उत्तराखंड में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी चुनावी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी अब विभिन्न मुद्दों को लेकर प्रदेश सरकार के खिलाफ अलग-अलग चार्जशीट जारी करने की तैयारी में है। इन चार्जशीट को चुनावी अभियान के दौरान जनता के बीच ले जाकर सरकार से जवाब मांगा जाएगा।
कांग्रेस की चार्जशीट कमेटी इन दिनों मुद्दों और उनसे जुड़े तथ्यों को जुटाने में लगी है। पार्टी पहले ही कथित भूमि घपलों को लेकर एक चार्जशीट जारी कर चुकी है। अब आने वाले दिनों में खनन, आबकारी, बेरोजगारी, महिला अपराध, कानून-व्यवस्था, भ्रष्टाचार, शिक्षा, स्वास्थ्य और पलायन जैसे विषयों पर अलग-अलग चार्जशीट सामने लाने की तैयारी है।
करन माहरा की अध्यक्षता में बनी कमेटी
कांग्रेस हाईकमान ने चुनावी रणनीति के तहत पूर्व प्रदेश अध्यक्ष करन माहरा की अध्यक्षता में राज्य स्तर पर चार्जशीट कमेटी गठित की है। समिति का उद्देश्य सरकार से जुड़े विभिन्न मुद्दों और कांग्रेस के आरोपों को दस्तावेज के रूप में तैयार करना है। पार्टी का कहना है कि इन मुद्दों को केवल चार्जशीट तक सीमित नहीं रखा जाएगा, बल्कि चुनावी संवाद के दौरान भी जनता के बीच उठाया जाएगा।
भूमि मामले पर हो चुका है विवाद
भूमि के मुद्दे पर कांग्रेस की ओर से हाल में जारी चार्जशीट पर भाजपा ने भी प्रतिक्रिया दी थी। भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों को खारिज करते हुए कांग्रेस शासन के दौरान हुए भूमि आवंटनों को लेकर सवाल उठाए थे। ऐसे में आगामी चार्जशीट के बाद भी दोनों दलों के बीच आरोप-प्रत्यारोप तेज होने की संभावना है।
चार्जशीट कमेटी के अध्यक्ष करन माहरा के अनुसार, राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं और इन्हें एक-एक कर सार्वजनिक किया जाएगा। कांग्रेस इन मुद्दों को आगामी विधानसभा चुनाव के दौरान अपने राजनीतिक अभियान का हिस्सा बनाएगी।





