वॉटरफोर्ड। मेटा के सीईओ मार्क जुकरबर्ग और उनकी पत्नी प्रिसिला चान ने आयरलैंड में एक ऐतिहासिक और बेहद आलीशान संपत्ति खरीदी है। दंपती ने काउंटी वॉटरफोर्ड में स्थित स्ट्रैंकली कैसल को अपने रियल एस्टेट पोर्टफोलियो में शामिल किया है। करीब 200 साल पुराने इस गॉथिक शैली के किले के साथ लगभग 440 एकड़ की विशाल एस्टेट भी शामिल है।
स्ट्रैंकली कैसल का निर्माण करीब 1830 में पूर्व सांसद जॉन कीली के लिए कराया गया था। इसे आर्किटेक्ट जेम्स और जॉर्ज रिचर्ड पेन ने डिजाइन किया था। यह इमारत ब्लैकवॉटर नदी के किनारे स्थित है और करीब 16,000 वर्ग फुट में फैली है। 2000 के दशक की शुरुआत में संपत्ति का व्यापक जीर्णोद्धार भी कराया गया था।
20 से 30 मिलियन यूरो आंकी गई कीमत
संपत्ति की वास्तविक खरीद कीमत सार्वजनिक नहीं की गई है। हालांकि, द आयरिश टाइम्स के अनुमान के मुताबिक इसकी कीमत 20 से 30 मिलियन यूरो के बीच हो सकती है। सौदा ऑफ-मार्केट हुआ है और फिलहाल इसकी कीमत आयरलैंड के सार्वजनिक प्रॉपर्टी रजिस्टर में दर्ज नहीं दिखाई देती।
जुकरबर्ग के प्रवक्ता के मुताबिक, उनका परिवार इस ऐतिहासिक घर की देखभाल जारी रखने और आयरलैंड में समय बिताने को लेकर उत्साहित है। मेटा का यूरोपीय मुख्यालय भी आयरलैंड में है, जहां कंपनी के करीब 1,500 कर्मचारी हैं।
25 साल बाद बदला मालिक
स्ट्रैंकली कैसल के पिछले मालिक माइकल और जियानकार्ला एलेन-बकली ने करीब 25 वर्षों तक इस संपत्ति की देखरेख की और इसका बड़े पैमाने पर संरक्षण कराया। नए मालिकों की ओर से भी संपत्ति और उसके आसपास के भूभाग के रखरखाव तथा सुधार को जारी रखने की बात कही गई है।
जुकरबर्ग और प्रिसिला चान अमेरिका में ही रहेंगे, जबकि आयरलैंड की यात्राओं के दौरान यह ऐतिहासिक किला उनके परिवार के लिए ठिकाने के रूप में इस्तेमाल किया जाएगा।





