हल्द्वानी। शहर में साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां ऑनलाइन सामान मंगाने के बाद एक महिला के दो बैंक खातों से करीब 1.87 लाख रुपये की धोखाधड़ी होने का मामला प्रकाश में आया है। पीड़िता ने मामले की शिकायत कोतवाली पुलिस और साइबर सेल में दर्ज कराई है।
हेमलता अधिकारी, निवासी एसटीएच हॉस्पिटल,ने पुलिस को सौंपी तहरीर में बताया कि उन्होंने 23 मई को एक ऑनलाइन प्लेटफॉर्म से सामान मंगाया था, जिसका भुगतान उन्होंने कैश ऑन डिलीवरी के माध्यम से किया था।
पीड़िता के अनुसार, 27 मई को सुबह अचानक उनके बैंक खातों से संदिग्ध ट्रांजेक्शन हो गए। इसमें खाते से लगभग एक लाख तथा दूसरे खाते से करीब सतासी हजार निकाल लिए गए।
महिला का कहना है कि उन्होंने न तो किसी को ओ टी पी साझा किया और न ही किसी संदिग्ध लिंक पर क्लिक किया। इसके बावजूद उनके खातों से रकम निकल जाना गंभीर साइबर अपराध की ओर इशारा करता है।
पीड़िता ने मामले में शीघ्र कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से ठगी करने वालों का पता लगाने और धनराशि वापस दिलाने की गुहार लगाई है।
पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है और साइबर ठगी के एंगल से जांच की जा रही है।





