Top 5 This Week

Related Posts

बिहार में मुहर्रम के ताजिया जुलूस के दौरान कई शहरों में बवाल, कई घायल

बिहार में मुहर्रम के अवसर पर निकाले गए ताजिया जुलूस के दौरान कई जिलों में हिंसा, झड़प और तनाव की स्थिति उत्पन्न हो गई। अलग-अलग घटनाओं में कई लोग घायल हुए हैं, जबकि पुलिस और प्रशासन ने हालात को नियंत्रित करने के लिए त्वरित कदम उठाए हैं।

कटिहार में ताजिया जुलूस के दौरान दो गुटों में झड़प और तनाव की स्थिति बन गई। भीड़ और अफवाहों के चलते जिला प्रशासन ने गृह विभाग (विशेष शाखा) के निर्देश पर इंटरनेट, सोशल मीडिया और मैसेजिंग सेवाएं बंद कर दी हैं।

प्रशासन ने कहा है कि उपद्रवियों की पहचान की जा रही है और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। आम नागरिकों से शांति बनाए रखने और अफवाहों से बचने की अपील की गई है।

दरभंगा में जुलूस के दौरान भीड़ ने लहेरियासराय थाने में पदस्थापित दरोगा अमित कुमार पर चाकू से हमला कर दिया। उन्हें जांघ में गंभीर चोट आई और डीएमसीएच में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर लिया, जो खाजा सराय इलाके का निवासी है। गिरफ्तारी के विरोध में लोगों ने दरभंगा-बहेड़ी स्टेट हाईवे जाम कर दिया। स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए सदर एसडीओ विकास कुमार और डीएसपी राजीव कुमार मौके पर पहुंचे और आवागमन बहाल कराया।

हाजीपुर के चिकनौटा क्षेत्र में महादेव नामक यात्री बस, जो समस्तीपुर की ओर से आ रही थी, ताजिया जुलूस में शामिल लोगों से टकरा गई, जिससे दो लोग घायल हो गए

इस पर आक्रोशित भीड़ ने बस में आग लगा दी। बस में सवार यात्रियों को सुरक्षित निकाला गया और उन्होंने दूसरी गाड़ियों से यात्रा जारी रखी।
महुआ एसडीपीओ कुमारी दुर्गा शक्ति और स्थानीय थाना पुलिस ने स्थिति को संभाला।
वैशाली एसपी ललित मोहन शर्मा ने घटना की पुष्टि की। नवादा जिले में ताजिया जुलूस के दौरान करंट की चपेट में आने से आठ लोग झुलस गए। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना स्थल पर अधिकारियों की तैनाती की गई है।

मुजफ्फरपुर में ताजिया जुलूस के दौरान एक विदेशी देश का झंडा लहराने का मामला सामने आया है। आरोप है कि यह प्रयास भीड़ को उकसाने के उद्देश्य से किया गया। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

राज्य के विभिन्न जिलों में हुई इन घटनाओं के बाद प्रशासन ने आमजन से शांति बनाए रखने, अफवाहों से दूर रहने और सहयोग करने की अपील की है। साथ ही कहा है कि उपद्रवियों की पहचान कर कठोर कार्रवाई की जाएगी।

Popular Articles