Top 5 This Week

Related Posts

बदहाल सूरत बदलने का जिम्मा नई नगर आयुक्त पर, पहले दिन ही गिनाईं प्राथमिकताएं

सड़कें, सीवरेज, कूड़ा और अतिक्रमण होंगे निशाने पर, गोलापार ट्रंचिंग ग्राउंड से पुराने कूड़े का पहाड़ हटाने की तैयारी

हल्द्वानी। शहर की सड़कों पर अतिक्रमण, जगह-जगह गंदगी, सीवरेज की समस्या और बिगड़ती यातायात व्यवस्था के बीच नई नगर आयुक्त आईएएस आशीमा गोयल ने गुरुवार को कार्यभार संभाल लिया। कुर्सी संभालते ही उन्होंने शहर की उन समस्याओं को प्राथमिकता में रखने का संकेत दिया, जिनसे शहरवासी लंबे समय से जूझ रहे हैं।

नगर आयुक्त ने स्पष्ट किया कि नगर निगम का मकसद सिर्फ शिकायतें सुनना नहीं, बल्कि उनका समयबद्ध समाधान करना होगा। आम नागरिकों को छोटी-छोटी समस्याओं के लिए निगम कार्यालय के चक्कर न काटने पड़ें, इसके लिए शिकायत निस्तारण व्यवस्था को प्रभावी बनाया जाएगा।

गोलापार में कूड़े के पहाड़ से मिलेगी मुक्ति

गोलापार ट्रंचिंग ग्राउंड में जमा पुराने कूड़े (लेगेसी वेस्ट) और रोजाना निकलने वाले कचरे का निस्तारण उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। इसके लिए दूसरी मशीन भी शुरू कर दी गई है। उन्होंने कूड़ा निस्तारण की प्रक्रिया को समयबद्ध तरीके से पूरा कराने की बात कही।

अतिक्रमण और ट्रैफिक पर भी कार्रवाई की तैयारी

शहर की सड़कों और सार्वजनिक स्थानों पर बढ़ते अतिक्रमण तथा अव्यवस्थित यातायात को भी उन्होंने बड़ी चुनौती बताया। सड़क, सीवरेज और सफाई व्यवस्था में सुधार के साथ सार्वजनिक स्थानों को अतिक्रमण मुक्त बनाने पर जोर रहेगा।

जनता से सहयोग की अपील

आशीमा गोयल ने कहा, “शहर भी हमारा है और सम्मानित जनता भी हमारी है।” उन्होंने स्वच्छ और सुंदर हल्द्वानी बनाने के लिए नागरिकों से सहयोग की अपील की। उनका कहना है कि शहर का विकास केवल नगर निगम के भरोसे संभव नहीं, इसमें हर नागरिक की भागीदारी जरूरी है।

अब शहर को इंतजार काम का है, वादों का नहीं। सड़कों की बदहाली, कूड़े के ढेर, अतिक्रमण और सीवरेज जैसी समस्याओं पर नई नगर आयुक्त की कार्ययोजना कितनी जमीन पर उतरती है, इसका जवाब आने वाले दिनों में शहरवासियों को मिलेगा।

Popular Articles