Top 5 This Week

Related Posts

बदरीनाथ धाम पहुंचे मुख्यमंत्री धामी, देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव में हुए शामिल

चमोली। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी शनिवार को बदरीनाथ धाम पहुंचे और भगवान बदरी विशाल के दर्शन-पूजन किए। इस दौरान उन्होंने धाम में आयोजित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों में भाग लिया।

मुख्यमंत्री के बदरीनाथ पहुंचने के दौरान श्रद्धालुओं और स्थानीय लोगों में उत्साह नजर आया। उन्होंने मंदिर में पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख-समृद्धि और जनकल्याण की कामना की। इसके बाद मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ में आयोजित देवभूमि सांस्कृतिक महोत्सव-2026 में भी हिस्सा लिया।

यह दो दिवसीय महोत्सव 19 और 20 सितंबर को भारतीय सेना तथा चमोली जिला प्रशासन की ओर से ऑपरेशन सद्भावना के तहत आयोजित किया जा रहा है। महोत्सव की थीम ‘हमारी विरासत, हमारा भविष्य’ रखी गई है। इसमें उत्तराखंड की लोक संस्कृति, पारंपरिक कला, लोकनृत्य, लोकसंगीत और स्थानीय उत्पादों को प्रदर्शित किया जा रहा है।

महोत्सव में महिला स्वयं सहायता समूहों, स्थानीय कारीगरों, किसानों और युवा उद्यमियों की ओर से विभिन्न स्टॉल लगाए गए हैं। यहां पारंपरिक हस्तशिल्प, स्थानीय उत्पाद और व्यंजन भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं। भारतीय सेना की ओर से भी प्रदर्शनी लगाई गई है, जिसमें सीमा सुरक्षा के साथ-साथ ऑपरेशन सद्भावना के तहत किए जा रहे सामाजिक विकास कार्यों की जानकारी दी जा रही है।

मुख्यमंत्री धामी ने इस आयोजन को देवभूमि की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को सामने लाने वाला महत्वपूर्ण अवसर बताया। कार्यक्रम में लोक कलाकारों की प्रस्तुतियों के साथ स्थानीय संस्कृति और परंपराओं की झलक देखने को मिली।

बदरीनाथ में आयोजित यह महोत्सव सीमांत क्षेत्रों की संस्कृति और स्थानीय प्रतिभाओं को मंच देने के साथ-साथ स्थानीय उत्पादों तथा स्वरोजगार को बढ़ावा देने पर भी केंद्रित है।

Popular Articles