Top 5 This Week

Related Posts

पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को मिले 1,472.8 करोड़ रुपये, कांग्रेस से सात गुना अधिक

नई दिल्ली। पांच राज्यों में हुए विधानसभा चुनाव के दौरान भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के केंद्रीय मुख्यालय को करीब 1,472.8 करोड़ रुपये की प्राप्तियां हुईं। चुनाव आयोग के समक्ष दाखिल पार्टी के चुनावी खर्च संबंधी विवरण से यह जानकारी सामने आई है। यह राशि कांग्रेस की इसी अवधि में दर्ज शुद्ध प्राप्तियों से सात गुना से भी अधिक है।

यह आंकड़ा पश्चिम बंगाल, असम, केरल, तमिलनाडु और पुडुचेरी में हुए विधानसभा चुनावों से संबंधित है। हालांकि, भाजपा के पश्चिम बंगाल और केरल चुनावों से जुड़े खर्च के विवरण अभी सार्वजनिक नहीं हुए हैं। ऐसे में पार्टी की कुल प्राप्तियां और खर्च इससे अधिक हो सकते हैं।

तीन राज्यों में 160 करोड़ रुपये खर्च

उपलब्ध चुनावी खर्च के आंकड़ों के मुताबिक भाजपा ने केंद्रीय मुख्यालय के साथ संबंधित राज्य और जिला इकाइयों को मिलाकर असम, तमिलनाडु और पुडुचेरी में करीब 160 करोड़ रुपये खर्च किए। इनमें सबसे अधिक खर्च असम में हुआ। पार्टी ने असम में 96.3 करोड़ रुपये, तमिलनाडु में 51.6 करोड़ रुपये और पुडुचेरी में 11.9 करोड़ रुपये खर्च किए।

पार्टी के कुल खर्च में करीब 130.4 करोड़ रुपये सामान्य चुनाव प्रचार पर खर्च हुए, जबकि लगभग 29.6 करोड़ रुपये उम्मीदवारों को एकमुश्त भुगतान और उनकी आपराधिक पृष्ठभूमि से संबंधित प्रचार पर खर्च किए गए।

चुनाव के बाद बढ़ा भाजपा का खजाना

चुनावी अवधि के दौरान भाजपा के केंद्रीय मुख्यालय का क्लोजिंग बैलेंस भी बढ़ा। 15 मार्च 2026 को 6,722.6 करोड़ रुपये की तुलना में 6 मई 2026 को यह राशि बढ़कर 7,627.2 करोड़ रुपये हो गई। यानी चुनावी अवधि के दौरान बैलेंस में करीब 904.6 करोड़ रुपये की वृद्धि हुई।

वहीं, कांग्रेस ने पांचों राज्यों के चुनावों के दौरान केंद्रीय और राज्य इकाइयों को मिलाकर 207.17 करोड़ रुपये की शुद्ध प्राप्तियां दर्ज कीं और करीब 248.55 करोड़ रुपये खर्च किए।

 

Popular Articles