Top 5 This Week

Related Posts

पत्रकारों ने मिठाई मांगकर दी थी गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की खबर, पीएम मोदी ने सुनाया 25 साल पुराना किस्सा

नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने गुरुवार को भाजपा मुख्यालय में आयोजित दीपावली मिलन समारोह के दौरान अपने राजनीतिक सफर से जुड़ा एक दिलचस्प किस्सा साझा किया। उन्होंने बताया कि गुजरात का मुख्यमंत्री बनने की जानकारी उन्हें सबसे पहले पत्रकारों ने दी थी। उस समय पार्टी के कुछ वरिष्ठ नेताओं को ही इस फैसले की जानकारी थी, लेकिन पत्रकारों को इसकी भनक पहले ही लग गई थी।

पीएम मोदी ने बताया कि एक दिन पत्रकारों का समूह अचानक उनके कमरे में पहुंचा और उनसे मिठाई खिलाने को कहा। पत्रकारों ने उनसे कहा, ”अब आप गुजरात के मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं, मिठाई खिलाइए।” मोदी ने कहा कि उस समय उन्हें खुद इस बात की जानकारी नहीं थी, जबकि पत्रकारों को पहले ही पता चल गया था।

प्रेस विज्ञप्ति से इंस्टाग्राम रील तक का सफर

प्रधानमंत्री ने मीडिया के साथ अपने पुराने संबंधों को याद करते हुए कहा कि उन्होंने पत्रकारिता और मीडिया के क्षेत्र में बड़ा बदलाव देखा है। एक दौर था जब प्रेस विज्ञप्ति भेजने के लिए फैक्स मशीन तलाशनी पड़ती थी, जबकि आज इंस्टाग्राम रील और डिजिटल माध्यमों का जमाना है।

उन्होंने अपने शुरुआती दिनों को याद करते हुए बताया कि दिल्ली में आयोजित दीपावली मिलन कार्यक्रमों में वे खुद कुर्सियां लगाने और मेहमानों की व्यवस्था करने का काम किया करते थे।

लोकतंत्र को मजबूत बनाने में मीडिया की अहम भूमिका

पीएम मोदी ने कहा कि लोकतंत्र को जीवंत बनाए रखने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने फील्ड रिपोर्टरों की सराहना करते हुए कहा कि जब किसी इलाके में भूकंप, बाढ़ या दुर्घटना जैसी आपदा आती है, तब जहां लोग अपनी जान बचाने के लिए वहां से दूर भागते हैं, वहीं पत्रकार घटनास्थल की ओर बढ़ते हैं। उनका यह समर्पण सराहनीय है।

प्रधानमंत्री ने मीडिया संस्थानों से देश की उपलब्धियों और प्रेरणादायक कहानियों को प्रमुखता से सामने लाने की अपील की। साथ ही युवाओं को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने में भी मीडिया से सक्रिय भूमिका निभाने का आग्रह किया।

उन्होंने 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लक्ष्य का जिक्र करते हुए कहा कि जिस तरह पत्रकारिता में समय-सीमा का महत्व है, उसी तरह जीवन और राष्ट्र निर्माण में भी समय-सीमा का विशेष महत्व है।

कार्यक्रम में भाजपा अध्यक्ष नितिन नवीन, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और स्वास्थ्य मंत्री जेपी नड्डा सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

Popular Articles