न्यूयॉर्क। न्यूयॉर्क के मेयर जोहरान ममदानी ने इजरायल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू को लेकर बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि अगर नेतन्याहू न्यूयॉर्क आते हैं तो उनकी गिरफ्तारी के कानूनी विकल्पों पर विचार किया जा रहा है। ममदानी ने नेतन्याहू को ‘युद्ध अपराधी’ बताते हुए अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय (ICC) के वारंट का हवाला दिया।
ममदानी ने कहा कि उनका प्रशासन इस मामले में शहर के कानूनी विशेषज्ञों से सलाह ले रहा है। हालांकि उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि कोई भी कदम मौजूदा कानूनों के दायरे में ही उठाया जाएगा। यह बयान ऐसे समय आया है जब संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के दौरान नेतन्याहू के न्यूयॉर्क दौरे की संभावना जताई जा रही है।
ममदानी के बयान पर इजरायल ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है। इजरायली अधिकारियों ने उनके रुख की आलोचना करते हुए कहा कि यह राजनीतिक कदम है। इजरायल के संयुक्त राष्ट्र राजदूत डैनी डैनन ने आरोप लगाया कि ममदानी को शहर के मुद्दों पर ध्यान देना चाहिए, न कि इजरायल के खिलाफ अभियान चलाना चाहिए।
अमेरिकी अधिकारियों ने भी इस मामले में कहा है कि नेतन्याहू को राजनयिक सुरक्षा प्राप्त है और अमेरिका अंतरराष्ट्रीय आपराधिक न्यायालय की संधि का सदस्य नहीं है। ऐसे में संभावित गिरफ्तारी को लेकर कानूनी और राजनयिक जटिलताएं बनी हुई हैं।
ममदानी के बयान के बाद अमेरिका और इजरायल के बीच पहले से जारी राजनीतिक बहस को और हवा मिल गई है। यह मुद्दा आने वाले दिनों में अंतरराष्ट्रीय कूटनीति में चर्चा का विषय बना रह सकता है।





